देहरादून छात्र गुटबाजी और अव्यवस्था पर सख्त हुआ पुलिस प्रशासन, एसएसपी ने दिए कड़े निर्देश,,,,

देहरादून। राजधानी मे छात्र गुटबाजी और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की, जिसमें कानून व्यवस्था बनाए रखने और शिक्षण संस्थानों में बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए विस्तृत निर्देश दिए गए।
गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों से उनके थाना क्षेत्रों में स्थित शिक्षण संस्थानों, हॉस्टलों और पीजी की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों में जाकर ऐसे छात्रों को चिन्हित करें जो गुटबाजी कर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हों या किसी संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि में शामिल हों। ऐसे छात्रों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए संबंधित शिक्षण संस्थानों को रिपोर्ट भेजी जाए और उनके निष्कासन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही छात्रों के बीच किसी भी विवाद की सूचना मिलने पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में दिन और रात के समय नियमित रूप से स्थान बदल-बदलकर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रंक एंड ड्राइव, रैश ड्राइविंग और ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा रात में अनावश्यक रूप से घूमने वाले छात्रों और संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में स्थित शिक्षण संस्थानों, हॉस्टलों और पीजी संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें स्पष्ट निर्देश देने को कहा गया कि छात्रों के बीच किसी भी प्रकार की गुटबाजी या विवाद की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। यदि किसी संस्थान या हॉस्टल में छात्रों के बीच विवाद की जानकारी पुलिस को नहीं दी जाती और भविष्य में कोई अप्रिय घटना घटती है, तो संबंधित संस्थान प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने यह भी कहा कि यदि किसी होटल, रेस्टोरेंट या ढाबे में छात्रों के बीच विवाद की घटना सामने आती है, तो उसमें संबंधित संचालक की भूमिका की भी जांच की जाएगी। यदि ऐसे स्थानों पर बार-बार इस प्रकार की घटनाएं होती हैं तो होटल या रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अंत में एसएसपी देहरादून ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी थाना क्षेत्र में इस प्रकार की घटना होती है और उसमें पुलिस की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय करते हुए उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
देश – दुनिया, 1100 करोड़ की मुकंदरा-चेचट टनल, पहली ही बारिश में खुली पोल टनल में भरा 3 फीट पानी, NHAI ने दी सफाई,,,
देश – दुनिया, 1100 करोड़ की मुकंदरा-चेचट टनल, पहली ही बारिश में खुली पोल, 3 फीट पानी भरने की NHAI ने थे रिजर्व पर सफाई,,,
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027, इधर भाजपा ने कसी कमर उधर 17 अगस्त को दिल्ली में होगी कांग्रेस की अहम बैठक,,,