उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027, इधर भाजपा ने कसी कमर उधर 17 अगस्त को दिल्ली में होगी कांग्रेस की अहम बैठक,,,

देहरादून: उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल कर ‘हैट्रिक’ बनाने के लक्ष्य के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मैदान में उतर चुकी है, वहीं पिछले दो चुनावों से सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस भी वापसी के लिए जोरदार रणनीति तैयार कर रही है। दोनों ही दल “बूथ जीता तो चुनाव जीता” के मूल मंत्र पर काम करते हुए अपने-अपने संगठनों को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुट गए हैं।
भाजपा की ओर से आगामी डेढ़ महीने के संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पहले ही तय कर दी गई है। हाल ही में दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई उत्तराखंड प्रदेश कोर कमेटी की बैठक के बाद ‘तिरंगा यात्रा’ और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू किया जा चुका है। चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए 16 अगस्त को हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के सभी जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इसके अतिरिक्त लोकसभावार बैठकें, शक्ति केंद्र समीक्षा और बूथ सशक्तिकरण अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है।
दूसरी तरफ, कांग्रेस भी भाजपा को कड़ी टक्कर देने के लिए अपनी भावी कार्ययोजना को अंतिम रूप देने जा रही है। इसके तहत 17 अगस्त को दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी एक से डेढ़ महीने की रणनीति और कार्यक्रमों पर मुहर लगेगी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के अनुसार, बैठक में केंद्रीय नेतृत्व से उत्तराखंड के लिए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभाओं व कार्यक्रमों की मांग की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सत्तारूढ़ दल पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता बेरोजगारी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ बदलाव का मन बना चुकी है। कांग्रेस इन तमाम जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और चुनाव में उतरने की पूरी तैयारी कर चुकी है।

More Stories
देश – दुनिया, 1100 करोड़ की मुकंदरा-चेचट टनल, पहली ही बारिश में खुली पोल टनल में भरा 3 फीट पानी, NHAI ने दी सफाई,,,
देश – दुनिया, 1100 करोड़ की मुकंदरा-चेचट टनल, पहली ही बारिश में खुली पोल, 3 फीट पानी भरने की NHAI ने थे रिजर्व पर सफाई,,,
उत्तराखंड नरेंद्र सिंह नेगी के जन्मदिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में बोले सीएम धामी- “उत्तराखंड को साहित्य व संस्कृति का राष्ट्रीय केंद्र बनाएगी सरकार”,,,