August 20, 2026

उत्तराखंड में यहां अपनी शादी में हर्ष फायरिंग करने वाले दूल्हे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लाइसेंसी पिस्टल किया जब्त,,,

उत्तराखंड में यहां अपनी शादी में हर्ष फायरिंग करने वाले दूल्हे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लाइसेंसी पिस्टल किया जब्त,,,

हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र स्थित एक वाटिका फार्म में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हर्ष फायरिंग में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल को भी जब्त कर लिया है और शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति के साथ रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टांडा महतोली (सुल्तानपुर, लक्सर) निवासी योगेश कुमार का विवाह समारोह 26 जुलाई को लक्सर रोड स्थित वाटिका फार्म में आयोजित हुआ था। शादी समारोह के दौरान दूल्हे ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग की थी। वायरल वीडियो में दूल्हा एक हाथ में दुल्हन का हाथ थामे हुए और दूसरे हाथ से करीब सात राउंड फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा था।

​सोशल मीडिया पर फायरिंग का वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। उपनिरीक्षक ललित मोहन की ओर से आरोपी योगेश कुमार के खिलाफ आयुध अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

​सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी योगेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर हर्ष फायरिंग में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन्स और संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पुलिस स्टेशन से ही जमानती नोटिस जारी कर जमानत दे दी गई है, जबकि पिस्टल जब्त कर लाइसेंस रद्द करने हेतु जिलाधिकारी को पत्र प्रेषित कर दिया गया है।

Share