September 27, 2026

उत्तराखंड UKSSSC भर्ती घोटाला, गले में मां की तस्वीर टांगकर ED दफ्तर पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत, 6 घंटे हुई पूछताछ,,,

उत्तराखंड UKSSSC भर्ती घोटाला, गले में मां की तस्वीर टांगकर ED दफ्तर पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत, 6 घंटे हुई पूछताछ,,,

देहरादून। वर्ष 2016 में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा आयोजित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) भर्ती में कथित घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत से करीब छह घंटे तक सघन पूछताछ की। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे हरीश रावत अपने गले में अपनी मां की तस्वीर लटकाकर आईटी पार्क स्थित ED कार्यालय पहुंचे।

🟢 अल्प समय के नोटिस पर पहुंचे ED दफ्तर

पूर्व मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि ED ने उन्हें मात्र 36 घंटे पहले नोटिस देकर तलब किया था। इतने कम समय में जो भी आवश्यक दस्तावेज और बैंक खातों की जानकारियां संभव हो सकीं, वे उन्हें लेकर अकेले ही जांच एजेंसी के समक्ष पेश हुए। पूछताछ के दौरान जांच अधिकारियों ने उनके और उनके परिजनों के बैंक खातों से संबंधित विस्तृत विवरण मांगे।

🟢 आयोग में नियुक्तियों पर उठे सवाल

पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी ने UKSSSC के तत्कालीन अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया के संबंध में सवाल-जवाब किए। इस पर हरीश रावत ने स्पष्ट किया कि आयोग के अध्यक्ष और सचिव सहित चार पदाधिकारियों की नियुक्ति उनके सुझाव पर की गई थी। उन्होंने कहा कि यदि उन अधिकारियों ने अपने स्तर पर कुछ गलत किया है, तो उसके लिए वे पहले ही उत्तराखंड की जनता से माफी मांग चुके हैं, लेकिन उन्होंने कभी नौकरी बेचने का कार्य नहीं किया।

🟢 मैं ‘डरता हूं तो सिर्फ अपनी मां से’- हरीश रावत 

ED दफ्तर से बाहर आने के बाद हरीश रावत ने कड़े शब्दों में कहा कि वह जांच एजेंसियों से नहीं डरते; यदि वे किसी से डरते हैं, तो वह केवल अपनी मां हैं। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में राज्य के 42 हजार युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी गईं। पूछताछ के तरीके पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि ED के अधिकारी बार-बार कमरे से बाहर जाते और फिर अंदर आकर सवालों को तोड़-मरोड़ कर दोहराते रहे। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जांच के नाम पर उन्हें अब तक 15 से 16 बार बुलाया जा चुका है।

You may have missed

Share