September 29, 2026

हरिद्वार पारिवारिक कलह में 3 मासूम बच्चों संग गंगा में कूदने पहुंचा पिता, पुलिस की सतर्कता से बची व्यक्ति सहित 3 मासूम जानें,,,

हरिद्वार पारिवारिक कलह में 3 मासूम बच्चों संग गंगा में कूदने पहुंचा पिता, पुलिस की सतर्कता से बची व्यक्ति सहित 3 मासूम जानें,,,

​हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र स्थित प्रेम नगर पुल पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक पिता पारिवारिक विवाद के चलते अपने तीन मासूम बच्चों के साथ गंगा में छलांग लगाने पहुंच गया। गनीमत रही कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मी ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए समय रहते व्यक्ति को दबोच लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और चार जिंदगियां सुरक्षित बच गईं।

​🟢 पुल की रेलिंग से लटकाया बच्चा, मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुभाष नगर निवासी एक व्यक्ति अपने तीन छोटे बच्चों को लेकर प्रेम नगर पुल पर पहुंचा। आवेश में आकर उसने अपने एक बच्चे को रेलिंग से नीचे गंगा की धारा की ओर लटका दिया और खुद भी कूदने का प्रयास करने लगा। पुल पर अचानक बने इस दिल दहला देने वाले दृश्य को देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई और लोग चिल्लाने लगे।

​🟢 देवदूत बनकर पहुंचे पुलिसकर्मी आशीष शर्मा

घटनास्थल पर तैनात पुलिसकर्मी आशीष शर्मा ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत भांप लिया। उन्होंने बिना एक पल गंवाए दौड़ लगाई और जान जोखिम में डालकर तत्काल बच्चे को रेलिंग से सुरक्षित अपनी ओर खींचा और अन्य बच्चों को भी सुरक्षित घेरे में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने उत्तराखंड पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की।

🔴 ​डेढ़ माह से अलग रह रही थी पत्नी

शुरुआती पूछताछ में व्यक्ति ने बताया कि उसकी पत्नी पिछले करीब डेढ़ महीने से विवाद के चलते मायके में अलग रह रही है। उसने कई बार पत्नी से घर लौटने की मिन्नतें कीं, लेकिन उसके लगातार इनकार करने से वह गहरे तनाव और अवसाद में आ गया। इसी क्षोभ में आकर उसने बच्चों सहित जान देने का आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया था।

🔴 पारिवारिक विवाद की दूसरी तस्वीर- पत्नी ने लगाया नशे में प्रताड़ना का आरोप

पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ और काउंसलिंग के दौरान व्यक्ति की पत्नी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसका पति लंबे समय से नशे का आदी है और आए दिन शराब के नशे में धुत होकर उसके साथ गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट करता है। यही नहीं, घर-परिवार और बच्चों के भरण-पोषण के लिए जरूरी खर्चा भी नहीं देता था।

​🟢 काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा

घटना की सूचना तुरंत रानीपुर कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चेतक यूनिट मौके पर पहुंची और व्यक्ति व बच्चों को थाने लाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों और पत्नी को कोतवाली बुलाकर काउंसलिंग कराई।

You may have missed

Share