डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के दौरान हंगामा, NSUI और पुलिस के बीच तीखी झड़प के बाद लाठीचार्ज,,,,,,,,,

मतदान केंद्र के बाहर वोट अपील को लेकर शुरू हुआ विवाद
देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध डीएवी (DAV) पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया के दौरान भारी हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मतदान के दौरान छात्राओं के बूथ के बाहर कार्यकर्ताओं द्वारा वोट मांगने और प्रचार-प्रसार करने को लेकर विवाद की शुरुआत हुई। कॉलेज प्रशासन और पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं को निर्धारित दायरे से बाहर रहने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों और छात्र संगठन के समर्थकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
बहस के बाद लाठीचार्ज, कांग्रेस नेता को लिया हिरासत में
देखते ही देखते पुलिस और कांग्रेस-एनएसयूआई (NSUI) कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की और हाथापाई होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए लाठियां भांजकर हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं को मौके से हटाया स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट सहित कुछ नेताओं को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। लाठीचार्ज के बाद कुछ समय के लिए कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
विपक्ष का आरोप ,सत्ता के दबाव में काम कर रही पुलिस
घटना के तुरंत बाद NSUI और कांग्रेस नेताओं ने पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई पर कड़ा विरोध व्यक्त किया। विपक्षी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस सत्ताधारी दल के राजनीतिक दबाव में काम कर रही है और बेवजह की सख्ती तथा गिरफ्तारियों के जरिए चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए नियम तोड़ रहे लोगों के खिलाफ यह कार्रवाई जरूरी थी।
परिसर में भारी पुलिस बल तैनात, चेकिंग अभियान तेज
हंगामे के बाद पूरे कॉलेज परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया और केवल वैध पहचान पत्र/प्रवेश पत्र दिखाने वाले छात्र-छात्राओं को ही मतदान केंद्र के भीतर जाने की अनुमति दी गई। पुलिस प्रशासन का कहना है कि ड्रोन और वीडियोग्राफी टीमों के जरिए पूरे क्षेत्र पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

More Stories
जीबी पंत यूनिवर्सिटी में 3 से 6 अक्टूबर तक कृषि मेला, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह होंगे मुख्य अतिथि,,,,,,,,
दून यूनिवर्सिटी में आधी रात को बवाल; मेस के खाने में रेंगते दिखे कीड़े, छात्राओं ने घेरा कुलपति आवास,,,,,,,
उत्तराखंड ‘मन की बात’ में चमकीं माणा की पूर्णिमा, पीएम मोदी ने की सराहना,,,,,