उत्तराखंड हरिद्वार जमीन में निवेश और मुनाफे के नाम पर बैंक कर्मी से ₹29.72 लाख की ठगी, हिंदू क्रांति दल के प्रदेश अध्यक्ष समेत छह पर प्राथमिकी दर्ज,,,

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में जमीन का सौदा कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक बैंक कर्मचारी से 29 लाख 72 हजार रुपये ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
“एसएसपी के निर्देश पर ज्वालापुर पुलिस ने शुरू की जांच; रकम मांगने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप”
एसएसपी के कड़े निर्देश के बाद ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने हिंदू क्रांति दल के प्रदेश अध्यक्ष सहित छह नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी खरीदार दिखाकर जाल में फंसाया
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, जुर्स कंट्री (ज्वालापुर) निवासी सौरभ कुमार इंडियन ओवरसीज बैंक की रोहालकी (बहादराबाद) शाखा में कार्यरत हैं। सौरभ ने बताया कि 2 मई 2024 को अमरीश गुप्ता और मुकेश गुप्ता ने उनसे संपर्क किया और हरिद्वार में 18 बीघा जमीन का सौदा करवाकर भारी मुनाफा दिलाने का प्रलोभन दिया। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से केपी शर्मा नाम के व्यक्ति को फर्जी खरीदार बनाकर उनके सामने पेश किया।
किस्तों में हड़पी ₹29.72 लाख की रकम
पीड़ित के मुताबिक, पहली मुलाकात में खरीदार के नाम पर मुकेश गुप्ता को 11 लाख रुपये नकद दिलवाए गए। इसके बाद एग्रीमेंट ट्रांसफर कराने के नाम पर हिंदू क्रांति दल के प्रदेश अध्यक्ष संजय मेहरा उर्फ संजय कुमार ने अलग-अलग किस्तों में 17 लाख, 6.50 लाख और 6.72 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित ने बताया कि इस प्रकार आरोपियों ने कुल 29 लाख 72 हजार रुपये ले लिए, साथ ही संजय मेहरा को तीन चेक भी दिए गए थे।
रकम मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी
रकम देने के बाद जब पीड़ित को फर्जीवाड़े का एहसास हुआ, तो उसने अपनी गाढ़ी कमाई वापस मांगी। पीड़ित का आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ साल से वह अपनी रकम वापस मांग रहा है, लेकिन आरोपी पैसे लौटाने के बजाय उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की लगातार धमकियां दे रहे हैं।
इन आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने निम्नलिखित छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है:

- संजय मेहरा उर्फ संजय कुमार (प्रदेश अध्यक्ष, हिंदू क्रांति दल) – निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी
- सोनिया – निवासी ज्वालापुर
- मुकेश गुप्ता – निवासी दुर्गा विहार, ज्वालापुर
- अमरीश गुप्ता – निवासी दुर्गा विहार, ज्वालापुर
- चरणजीत पाहवा – निवासी सीतापुर, ज्वालापुर
- मनोज कुमार – निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी
अन्य लोगों से भी करोड़ों की ठगी का अंदेशा
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस गिरोह ने केवल सौरभ कुमार ही नहीं, बल्कि डॉ. दीपक, डॉ. रवि गिरी, कृष्णपाल, रात्री खत्री, अमित राठौर और अनिल सिंघल सहित कई अन्य लोगों को भी जमीन का झांसा देकर इसी तरह लाखों की ठगी का शिकार बनाया है।
अधिकारी का बयान:

“पीड़ित बैंक कर्मचारी की तहरीर और एसएसपी के निर्देश पर छह आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”- संजय चौहान, सीओ

More Stories
हरिद्वार के वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण झा का निधन, कनखल श्मशान घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, पत्रकारिता एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर,,,
उत्तराखंड हरिद्वार दहेज में ₹10 लाख की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को पीटा, घर से निकाला, पति समेत पांच ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज,,,
उत्तराखंड एसएमजेएन पीजी कॉलेज के 6 होनहारों को ‘मुख्यमंत्री मेधावी पुरस्कार’, 2.15 लाख रुपये की मिलेगी स्कॉलरशिप,,,