October 1, 2026

उत्तराखंड हरिद्वार दहेज में ₹10 लाख की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को पीटा, घर से निकाला, पति समेत पांच ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज,,,

उत्तराखंड हरिद्वार दहेज में ₹10 लाख की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को पीटा, घर से निकाला, पति समेत पांच ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज,,,

​

हरिद्वार। दहेज में 10 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को प्रताड़ित करने, बेरहमी से मारपीट करने और घर से बाहर निकालने का गंभीर मामला सामने आया है।

​”महिला हेल्पलाइन में काउंसलिंग विफल होने के बाद रानीपुर पुलिस ने की कार्रवाई; धारदार हथियार और लाठी-सरियों से हमले का भी आरोप”

महिला हेल्पलाइन में काउंसलिंग के बाद भी समझौता न होने पर रानीपुर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के पति, सास, ससुर और दो ननदों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​🔴 शादी में खर्च किए थे ₹50 लाख, फिर भी कम दहेज का ताना

​पुलिस को दी गई शिकायत में सलेमपुर महदूद निवासी शारिबा ने बताया कि उनका निकाह 10 अक्टूबर 2021 को ज्वालापुर निवासी शाहबाज के साथ हुआ था। शादी के समय मायके पक्ष की ओर से अपनी सामर्थ्य के अनुसार कार, जेवरात, कपड़े और अन्य घरेलू सामान सहित करीब 50 लाख रुपये खर्च किए गए थे। आरोप है कि इतने खर्च के बावजूद ससुराल पक्ष असंतुष्ट रहा और कम दहेज लाने का ताना देकर विवाहिता से 10 लाख रुपये अतिरिक्त नकदी की मांग करने लगा।

​🔴 पहले भी घर से निकाला, समझौते के बाद फिर बढ़ा उत्पीड़न

​पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर 5 फरवरी 2023 को उसके साथ मारपीट की गई और उसे ससुराल से बाहर निकाल दिया गया। उस समय दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई, जिसमें ससुराल पक्ष ने भविष्य में दोबारा प्रताड़ित न करने का भरोसा दिया, जिसके बाद विवाहिता ससुराल लौट आई। आरोप है कि कुछ समय शांत रहने के बाद ससुरालियों ने दोबारा उत्पीड़न शुरू कर दिया।

​🔴 मारपीट कर मायके छोड़ा, ससुराल लौटने पर रास्ते में हमला

​तहरीर के अनुसार, 12 जनवरी 2026 को पति और ससुर ने पीड़िता के साथ मारपीट की और 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाते हुए उसे मायके के बाहर छोड़ दिया। इसके बाद 1 जुलाई को पीड़िता के पिता ने ससुराल पक्ष से बातचीत की। अगले दिन जब विवाहिता अपने परिजनों के साथ ससुराल पहुंची, तो वहां उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई। आरोप है कि जब वे वापस लौट रहे थे, तभी टिहरी विस्थापित क्षेत्र के पास पति, ससुर और ननदों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार व लाठी-सरियों से हमला कर दिया।

​🟢 पुलिस अधिकारी का बयान

​”पीड़िता की तहरीर और महिला हेल्पलाइन की रिपोर्ट के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है, साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”- सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, सीओ सदर

You may have missed

Share