October 2, 2026

उत्तराखंड अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेंशनरों को जारी किए ₹147 करोड़ से अधिक, वरिष्ठ नागरिकों और मेधावी छात्रों को किया सम्मानित,,

उत्तराखंड अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेंशनरों को जारी किए ₹147 करोड़ से अधिक, वरिष्ठ नागरिकों और मेधावी छात्रों को किया सम्मानित,,,

​देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नींबूवाला स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में ‘अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस’ के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन सिविल सर्विस कोचिंग का शुभारंभ किया और विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले 23 वरिष्ठ नागरिकों सहित निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के 05 विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

​कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 9,93,886 पेंशनरों को सितंबर माह की कुल ₹147 करोड़ 34 लाख 53 हजार की पेंशन डीबीटी द्वारा अंतरित की। इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित जनसमूह को वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सम्मान की शपथ दिलाई तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत परिसर में पौधारोपण किया।

​🟢 “वरिष्ठजन परिवार का सुरक्षा कवच और जीवंत विरासत हैं”- पुष्कर सिंह धामी 

​वरिष्ठ नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े-बुजुर्गों के सानिध्य से ही परिवार सुरक्षित रहता है और बच्चों को जीवन मूल्य एवं संस्कार मिलते हैं। उन्होंने कहा, “वृद्धजन हमारे समाज की जीवंत धरोहर हैं। मैं स्वयं को मुख्य सेवक के साथ प्रदेश का बेटा भी मानता हूं और उत्तराखंड के हर वरिष्ठ नागरिक के मान-सम्मान, सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखना मेरी प्राथमिकता है।”

​मुख्यमंत्री ने प्रदेश में संचालित कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया:

  • ​वृद्धावस्था पेंशन: राज्य में ₹1500 प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है, जिसमें पात्र दंपती (पति एवं पत्नी दोनों) को अलग-अलग लाभ मिल रहा है।
  • ​वृद्धाश्रम संरचना: बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए भवनों का निर्माण जारी है।
  • ​स्वास्थ्य एवं तीर्थाटन: वरिष्ठजनों को दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत निःशुल्क यात्रा तथा आयुष्मान भारत योजना से मुफ्त उपचार की सुविधा दी जा रही है।
  • ​अधिकारों का संरक्षण: राज्य में ‘माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम’ प्रभावी रूप से लागू है।

​🟢 युवा पीढ़ी बड़ों के सम्मान की परंपरा को रखे जीवंत- समाज कल्याण मंत्री

​विशिष्ट अतिथि के रूप में समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में वरिष्ठजनों के कल्याण के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति के अनुरूप युवाओं से वृद्धजनों के प्रति आदर और सेवा भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

​कार्यक्रम में कैंट विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी राम चंद्र गौड़, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, समाज कल्याण सचिव श्रीधर बाबू अद्वांकी, निदेशक संजय कुमार, जनजाति कल्याण निदेशक संजय सिंह टोलिया, संयुक्त निदेशक जी.आर. नौटियाल, पूजा नेगी, हेमलता पाण्डेय एवं गोरधन सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

You may have missed

Share