उत्तराखंड हरिद्वार में पेशेवर नशा तस्करों की चल-अचल संपत्ति करें कुर्क, मासिक अपराध बैठक में कड़े तेवर में दिखे एसएसपी,,,,

हरिद्वार। नशा माफियाओं, वाहन चोरों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस अब और अधिक आक्रामक रुख अख्तियार करने जा रही है। शनिवार को रोशनाबाद स्थित जिला पुलिस कार्यालय सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी संपन्न हुई, जिसमें जनपद के सभी थाना प्रभारियों, सर्किल अधिकारियों और शाखा प्रभारियों ने भाग लिया।
अपराध समीक्षा और संपत्ति जब्तीकरण के निर्देश

बैठक के दौरान सितंबर माह में जनपद भर में दर्ज अपराधों, खुलासों और बरामदगी के आंकड़ों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पेशेवर नशा तस्कर समाज की जड़ों को खोखला कर रहे हैं और उन पर केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर प्रभावी प्रहार किया जाए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि नशा तस्करी में लिप्त पाए जाने वाले अपराधियों की अवैध रूप से अर्जित चल-अचल संपत्ति को चिह्नित कर धारा 68एफ व अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत जब्त (कुर्क) करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इसके लिए संबंधित विभागों (राजस्व, आयकर, परिवहन आदि) से पत्राचार कर रिकॉर्ड जुटाने और सर्किल अधिकारियों को इसकी नियमित प्रगति रिपोर्ट मुख्यालय भेजने को कहा गया।
लापरवाह विवेचकों को चेतावनी, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 30 पुलिसकर्मी पुरस्कृत
एसएसपी ने विवेचनाओं के निस्तारण में अनावश्यक देरी पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि लंबित मामलों को तय समय सीमा में निस्तारित किया जाए, अन्यथा शिथिलता बरतने वाले जांच अधिकारियों के खिलाफ विभागीय दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देने वाले 30 पुलिसकर्मियों को मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से ‘मैन ऑफ द मंथ’ के खिताब व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
त्योहारी सीजन और जनसुनवाई पर जोर

आगामी त्योहारी सीजन (दीपावली, छठ आदि) के दृष्टिगत एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और बाजारों व मुख्य मार्गों पर सुगम यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, थानों में एक ही स्थान पर लंबे समय से तैनात पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में नियमित बदलाव (रोटेशन) करने को कहा गया। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि कोई भी पुलिसकर्मी किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में लिप्त न मिले। सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने सीयूजी मोबाइल नंबरों पर आने वाली आम नागरिकों की कॉल स्वयं रिसीव करने और उनकी शिकायतों का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। बैठक में एसपी देहात अभय सिंह, एसपी सिटी दीपक सिंह, निशा सिंह आदि आला अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
हरिद्वार परिवहन विभाग में छापे से मचा हड़कंप, नियमों की अनदेखी पर 62 वाहनों के चालान, चार बसें की गईं सीज,,,
उत्तराखंड हरिद्वार बहादराबाद के शांतरशाह में बुलेट से भाग रहे दो तस्कर 93 इंजेक्शनों सहित गिरफ्तार, पुलिस को कनखल में भी मिली बड़ी सफलता,,,
देश में चीनी की किल्लत और कीमतों में उछाल, ब्राजील पर बढ़ी निर्भरता, सरकार ने दिसंबर तक बढ़ाई इन देशों की आयात छूट- SPACIAL Bulletin