October 25, 2026

हरिद्वार परिवहन विभाग में छापे से मचा हड़कंप, नियमों की अनदेखी पर 62 वाहनों के चालान, चार बसें की गईं सीज,,,

हरिद्वार परिवहन विभाग में छापे से मचा हड़कंप, नियमों की अनदेखी पर 62 वाहनों के चालान, चार बसें की गईं सीज,,,

​हरिद्वार। यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कड़ा शिकंजा कसा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के क्रम में संभागीय परिवहन कार्यालय (प्रवर्तन) की टीम ने शनिवार तड़के 4:00 बजे से जनपद के प्रमुख राजमार्गों व बॉर्डरों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से डग्गामार और नियम विरुद्ध चलने वाले बस संचालकों में हड़कंप मच गया।

​🔴 62 वाहनों पर लगा जुर्माना, चार पर्यटक बसें बंद

एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले कुल 62 वाहनों के मौके पर ही चालान काटे गए, जबकि भारी तकनीकी व कानूनी खामियां पाए जाने पर 4 बड़ी बसों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। इस अभियान में विशेष रूप से स्लीपर, लग्जरी और टूरिस्ट बसों को निशाने पर लिया गया।

​🔴 अनधिकृत बनावट और सुरक्षा उपकरणों की पड़ताल

संभागीय निरीक्षक (तकनीकी) आनंद वर्धन ने टीम के साथ मिलकर बसों की तकनीकी दशा, रिफ्लेक्टर, आपातकालीन द्वार, प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन उपकरण तथा फिटनेस प्रमाण पत्रों की बारीकी से पड़ताल की। जांच में पाया गया कि कई बसों ने पर्यटक परमिट ले रखा था, लेकिन वे नियमों का उल्लंघन कर इसका उपयोग सामान्य रूट की स्टेज कैरिज (सवारी ढोने) के रूप में कर रही थीं। कुछ बसों में स्वीकृत बनावट के विपरीत अतिरिक्त सीटें और स्लीपर बर्थ लगाकर अवैध फेरबदल किया गया था, जो यात्रियों की जान के लिए सीधा खतरा है।

​🔴 व्यावसायिक और मालवाहक वाहनों पर भी कार्रवाई

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) निखिल शर्मा ने बताया कि यात्री बसों के साथ-साथ भारी मालवाहक वाहनों की भी व्यापक जांच की गई। क्षमता से अधिक माल लादने (ओवरलोडिंग), प्रदूषण व फिटनेस प्रमाण पत्र न होने तथा चालकों के पास वैध भारी वाहन लाइसेंस न मिलने पर वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी वाहन संचालक को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share