November 3, 2026

देवभूमि परिवार पोर्टल का महा-अभियान,अब हर परिवार की होगी अपनी डिजिटल पहचान, धामी सरकार का बड़ा तोहफा,,,,,

देवभूमि परिवार पोर्टल का महा-अभियान,अब हर परिवार की होगी अपनी डिजिटल पहचान, धामी सरकार का बड़ा तोहफा,,,,,

​देहरादून, उत्तराखंड की देवभूमि में सुशासन और डिजिटल क्रांति की दिशा में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का भव्य शुभारंभ कर दिया है। ‘एक परिवार, एक पहचान, एक प्लेटफॉर्म’ के मंत्र पर आधारित इस अभिनव पहल के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को 12 अंकों की एक यूनिक ‘देवभूमि परिवार आईडी’ दी जाएगी, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधा जनता के घर तक पहुंचेगा।

​नारी शक्ति को सर्वोच्च सम्मान, घर की सबसे वरिष्ठ महिला होगी परिवार की मुखिया

​इस डिजिटल योजना की सबसे बड़ी और खास बात इसका महिला-केंद्रित होना है। पोर्टल और प्रशासनिक व्यवस्था में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की परिवार की सबसे वरिष्ठ महिला सदस्य को ही ‘परिवार की मुखिया’ का दर्जा दिया गया है। इस पूरी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू रूप से चलाने के लिए राज्य स्तर पर ‘देवभूमि परिवार प्राधिकरण’ और जिला स्तर पर ‘जिला देवभूमि परिवार अधिकारी’ की तैनाती की गई है।

​अब दफ्तरों के चक्कर काटने से हमेशा के लिए निजात, कागजी जंजाल से मिलेगी मुक्ति

​आम जनता के लिए यह पोर्टल किसी वरदान से कम नहीं है। अब नागरिकों को अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने और हर योजना के लिए बार-बार दस्तावेज जमा कराने की पुरानी और थका देने वाली प्रक्रिया से मुक्ति मिल जाएगी। सेंट्रलाइज्ड डेटाबेस के जरिए राशन, पेंशन, छात्रवृत्ति और स्वास्थ्य योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का स्वतः चयन हो जाएगा, जिससे भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े पर पूरी तरह लगाम लगेगी।

​अभेद्य सुरक्षा कवच, डेटा चुराने या सेंधमारी करने पर होगी 10 साल की जेल और 50 लाख का भारी जुर्माना

​नागरिकों की व्यक्तिगत और गोपनीय जानकारी की सुरक्षा को लेकर सरकार ने बेहद सख्त कानूनी प्रावधान किए हैं। पोर्टल का पूरा डेटा ‘डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम’ (DPDP Act) के सुरक्षा घेरे में रहेगा। यदि किसी ने भी इस डेटाबेस में सेंध लगाने या इसे चुराने की हिमाकत की, तो उसे 10 साल की कैद और 50 लाख रुपये तक के भारी-भरकम जुर्माने की सजा भुगतनी होगी।

​28 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था का महा-संकल्प, ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का विमोचन

​पोर्टल लॉन्चिंग के इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के स्वर्णिम भविष्य का रोडमैप ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ भी जनता को समर्पित किया। इसके तहत वर्ष 2047 तक उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को 28 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने, प्रति व्यक्ति आय को 20 लाख रुपये करने और बहुआयामी गरीबी को घटाकर महज 0.61% तक लाने का विराट लक्ष्य तय किया गया है।

इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राजपुर रोड की विधायक सविता कपूर और सेतु आयोग के सलाहकार (पूर्व मंत्री) दिनेश अग्रवाल जैसे प्रमुख नेता शामिल हुए।

Share