उत्तराखंड कार्तिक पूर्णिमा पर धर्मनगरी हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, 38.90 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी; भीषण जाम से थमी शहर की रफ्तार,,,

हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान पर्व पर मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से लेकर देर शाम तक हरकी पैड़ी समेत शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर करीब 38 लाख 90 हजार श्रद्धालुओं ने मोक्षदायिनी मां गंगा में पुण्य की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने तटों पर स्थित मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना, दीपदान और जरूरतमंदों को दान-पुण्य कर सुख-समृद्धि व परिवार की खुशहाली की कामना की। शाम की आरती तक स्नान का यह सिलसिला अनवरत जारी रहा, जिसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने गंतव्यों की ओर रवाना हुए।
सख्त सुरक्षा व्यवस्था, एसपी सिटी ने संभाला मोर्चा

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि स्नान पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए एसपी सिटी दीपक सिंह ने स्वयं मेला क्षेत्र में उतरकर गंगा घाटों से लेकर हाईवे तक का स्थलीय निरीक्षण किया। सुबह से ही हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी। ऐसे में स्नान के दौरान भीड़ का दबाव नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से घाटों तक पहुंचाने के लिए पुलिसकर्मी लगातार मुस्तैद रहे। एसपी सिटी ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को निर्देशित किया कि स्नान के बाद घाटों से निकलने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्गों से सुरक्षित उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जाए तथा बाजारों, चौराहों और हाईवे पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
भीषण जाम से चरमराई यातायात व्यवस्था

दूसरी ओर, स्नान पर्व पर उमड़ी लाखों की भीड़ के आगे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सुबह से ही शहर के प्रमुख चौराहों पर वाहनों का दबाव बनना शुरू हो गया था, जो सुबह पांच बजे से रात तक लगातार बना रहा। दूधाधारी चौक से लेकर शंकराचार्य चौक तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए। वीआईपी कर्मियों की हड़ताल के चलते भी यातायात प्रबंधन पर प्रतिकूल असर दिखाई दिया। हाईवे के साथ-साथ शहर के आंतरिक मार्गों पर भी जाम की स्थिति बनी रही, जिससे रेलवे स्टेशन और बस अड्डे जाने वाले यात्रियों व स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सीओ यातायात बिपेंद्र कुमार ने बताया कि सभी प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर वाहनों को व्यवस्थित रूप से निकलवाया गया।
देव दीपावली और मत्स्य अवतार का विशेष महत्व
हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी पावन दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण किया था और भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इसी विजय के उल्लास में इस दिन को ‘देव दीपावली’ के रूप में भी मनाया जाता है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान, दीपदान और जलतर्पण करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है।


More Stories
उत्तराखंड में दिसंबर की शुरुआत तक मौसम रहेगा शुष्क, पहाड़ों में कोहरे के साथ बढ़ेगी सुबह-शाम की ठंड,,,
उत्तराखंड हरिद्वार निर्मल अखाड़े और गुरुद्वारों में गूंजी गुरबाणी, धूमधाम से मनाया गया गुरु नानकदेव का 557वां प्रकाश पर्व,,,
उत्तराखंड हरिद्वार में कुंभ 2027 का हुआ शंखनाद, जूना अखाड़े के भव्य नगर प्रवेश पर संतों का हुआ जोरदार स्वागत,,,