November 25, 2026

उत्तराखंड हरिद्वार में कुंभ 2027 का हुआ शंखनाद, जूना अखाड़े के भव्य नगर प्रवेश पर संतों का हुआ जोरदार स्वागत,,,

उत्तराखंड हरिद्वार में कुंभ 2027 का हुआ शंखनाद, जूना अखाड़े के भव्य नगर प्रवेश पर संतों का हुआ जोरदार स्वागत,,,

​हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों के भव्य नगर प्रवेश के साथ ही ‘हरिद्वार कुंभ मेला 2027’ का विधिवत आगाज हो गया है। उत्तराखंड सरकार द्वारा आगामी कुंभ मेले को महाकुंभ की तर्ज पर आयोजित करने के निर्णय के बाद, जूना अखाड़ा नगर प्रवेश करने वाला पहला अखाड़ा बन गया है।

​प्रशासन और श्रद्धालुओं ने बिछाए पलक-पांवड़े

मुरादाबाद से प्रस्थान कर संतों की टोली जैसे ही हरिद्वार की सीमा में स्थित श्यामपुर कांगड़ी गांव और चंडी चौकी पहुंची, मेला प्रशासन, समाजसेवियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह में मेला अधिकारी सोनिका, कुंभ मेला आईजी योगेंद्र रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत भुल्लर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

​शाही अंदाज में निकली शोभायात्रा, 14 अप्रैल तक चलेगा कुंभ

पारंपरिक वाद्ययंत्रों, ढोल-नगाड़ों और अखाड़े की धर्मध्वजा के साथ निकली इस पेशवाई यात्रा में नागा संन्यासी और महामंडलेश्वर रथों पर सवार होकर शामिल हुए। चंडी घाट चौक होते हुए संतों की यह टोली ज्वालापुर स्थित पांडववाला (छावनी) पहुंची, जहां संत-महात्मा आगामी एक माह तक प्रवास करेंगे। अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक महंत हरिगिरि महाराज ने बताया कि आगामी 14 जनवरी को अखाड़े की भव्य पेशवाई निकाली जाएगी और कुंभ मेला 2027 का आयोजन 14 अप्रैल तक चलेगा।

Share