उत्तराखंड को मिलेगी डबल लेन सड़कों की बड़ी सौगात, बागेश्वर-कर्णप्रयाग व बंगापानी मार्गों की डीपीआर तैयार, वर्ष 2027-28 में मिलेगी स्वीकृति,,,

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास, चौड़ीकरण और आगामी परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की है। केंद्र सरकार ने बागेश्वर से कर्णप्रयाग और बंगापानी से बागेश्वर सड़क को डबल लेन करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली है, जिन्हें वित्तीय वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा गया है।
सीएम धामी के अनुरोध पर केंद्र की पहल

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सितंबर 2026 में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पत्र लिखकर उत्तराखंड में प्रस्तावित टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजनाओं के तहत बनने वाली एस्केप टनलों को वाहनों के आवागमन के लिए डबल लेन बनाने का अनुरोध किया था।
राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास और चौड़ीकरण का पूरा खाका

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने पत्र में प्रदेश की प्रमुख सड़क परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगामी लक्ष्यों का विवरण दिया है:
- बागेश्वर-कर्णप्रयाग मार्ग: इस 108 किलोमीटर लंबे मार्ग को डबल लेन करने के लिए डीपीआर तैयार हो चुकी है।
- राष्ट्रीय राजमार्ग-109 (जौलजीबी-बागेश्वर): कुल 190 किलोमीटर के इस मार्ग में से जौलजीबी से बंगापानी (29 किमी) के कार्य को स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं, शेष बंगापानी से बागेश्वर (160 किमी) हिस्से के चौड़ीकरण की डीपीआर तैयार कर ली गई है, जिसे अगले वित्तीय वर्ष (2027-28) में स्वीकृत करने का लक्ष्य है।
- राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (टनकपुर-जौलजीबी): इस मार्ग पर टनकपुर से जौलजीबी तक 183 किलोमीटर सड़क को डबल लेन करने का कार्य पूरा हो चुका है। इसके अंतर्गत 10 किलोमीटर लंबे चंपावत बाईपास का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि लोहाघाट और पिथौरागढ़ बाईपास के कार्यों को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा गया है।
- ऋषिकेश-उत्तरकाशी व गंगोत्री मार्ग: ऋषिकेश से उत्तरकाशी तक 143 किलोमीटर सड़क का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके आगे उत्तरकाशी से गंगोत्री तक 100 किलोमीटर के मार्ग में से 14 किलोमीटर हिस्से को स्वीकृति मिल चुकी है और शेष 86 किलोमीटर कार्य को वर्ष 2027-28 में स्वीकृत किया जाएगा।
पर्यटन, व्यापार और सामरिक दृष्टि से होगा बड़ा लाभ: सीएम धामी

प्रदेश को मिली इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाएं विकसित होने से न केवल स्थानीय नागरिकों का आवागमन सुगम होगा, बल्कि राज्य में पर्यटन, व्यापार और सामरिक सुरक्षा को भी नई मजबूती मिलेगी।

More Stories
उत्तराखंड में दिसंबर की शुरुआत तक मौसम रहेगा शुष्क, पहाड़ों में कोहरे के साथ बढ़ेगी सुबह-शाम की ठंड,,,
उत्तराखंड हरिद्वार निर्मल अखाड़े और गुरुद्वारों में गूंजी गुरबाणी, धूमधाम से मनाया गया गुरु नानकदेव का 557वां प्रकाश पर्व,,,
उत्तराखंड हरिद्वार में कुंभ 2027 का हुआ शंखनाद, जूना अखाड़े के भव्य नगर प्रवेश पर संतों का हुआ जोरदार स्वागत,,,