September 14, 2026

उत्तराखंड केदारनाथ पैदल मार्ग पर बोल्डर गिरने से एक व्यक्ति की मौत, सुरक्षा के लिए 3200 यात्रियों को मार्ग में रोका,,,,

उत्तराखंड केदारनाथ पैदल मार्ग पर बोल्डर गिरने से एक व्यक्ति की मौत, सुरक्षा के लिए 3200 यात्रियों को मार्ग में रोका,,,,

​रुद्रप्रयाग।  केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। चीरबासा हेलीपैड के समीप अचानक पहाड़ से एक बड़ा बोल्डर नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में आने से एक स्थानीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहन तिवारी, निवासी ग्राम पठानी, थाना एवं तहसील ऊखीमठ, जिला रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। लगातार पत्थर गिरने से घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य चलाना भी चुनौतीपूर्ण बना रहा।

​घटना के तुरंत बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए जिला प्रशासन ने करीब 3200 श्रद्धालुओं को यात्रा मार्ग पर जगह-जगह सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है। सोनप्रयाग कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुरेश बलूनी ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि केदारनाथ से आने वाले 500 यात्रियों को लिनचोली और 1000 यात्रियों को भीमबली में अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है। इसके अलावा सोनप्रयाग में 1000 और गौरीकुंड में 700 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित रोका गया है।

​हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मृतक के शव को गौरीकुंड लाकर पोस्टमार्टम व आगे की कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की है। मार्ग पर गिरे मलबे और पत्थरों को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) गुप्तकाशी के अधिशासी अभियंता सुनील सिंह के निर्देशन में 26 श्रमिकों को लगाया गया है, जो तेजी से मार्ग साफ करने में जुटे हैं।

​जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि आपदा कंट्रोल रूम के माध्यम से केदारनाथ पैदल मार्ग और जनपद के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है। मौसम की स्थिति और मार्ग की पूरी परिस्थितियों का जायजा लेने के बाद ही यात्रियों की आवाजाही को आगे अनुमति दी जाएगी, ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना से बचा जा सके।

You may have missed

Share