October 12, 2026

उत्तराखंड के हरिद्वार में आज होगी धामी कैबिनेट की अहम बैठक, विधानसभा सत्र की तारीख और स्थान पर हो सकता है फैसला, विकास प्रस्तावों पर लगेगी मुहर,,,

उत्तराखंड के हरिद्वार में आज होगी धामी कैबिनेट की अहम बैठक, विधानसभा सत्र की तारीख और स्थान पर हो सकता है फैसला, विकास प्रस्तावों पर लगेगी मुहर,,,

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में स्वास्थ्य, आवास और शहरी विकास सहित कई विभागों के अहम प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है। इसके साथ ही आगामी विधानसभा सत्र के आयोजन स्थल और तारीख को लेकर भी कैबिनेट में बड़ा निर्णय लिया जा सकता है।

​कैबिनेट बैठक की शुरुआत से पूर्व मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सभी सदस्य हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा का विधिवत पूजन व आरती करेंगे। इसके उपरांत केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन में कैबिनेट की औपचारिक कार्यवाही शुरू होगी। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की ‘प्रत्येक जिले में कैबिनेट बैठक’ की पहल के तहत चंपावत के बाद हरिद्वार में आयोजित यह दूसरी जिला स्तरीय बैठक है।

​🟢 विधानसभा सत्र के आयोजन स्थल पर टिकीं नजरें

​संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार सरकार को 30 अक्टूबर से पूर्व विधानसभा सत्र आहूत करना अनिवार्य है। ऐसे में आज की बैठक में सत्र की तिथियों के निर्धारण के साथ-साथ यह भी तय हो सकता है कि सत्र देहरादून में आयोजित किया जाएगा या ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में। राजनीतिक व प्रशासनिक हलकों की नजरें इस फैसले पर विशेष रूप से टिकी हैं।

​🟢 केंद्र के सहयोग पर धन्यवाद प्रस्ताव और विकास कार्यों की समीक्षा

​बैठक के संभावित एजेंडे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को मिले केंद्रीय सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करने हेतु एक औपचारिक धन्यवाद प्रस्ताव लाया जा सकता है। इसके तहत वर्ष 2014 के उपरांत राज्य में बुनियादी ढांचे, बिजली, स्वच्छ पेयजल की घर-घर पहुंच और स्वच्छता मिशन के तहत हुए कार्यों की तुलनात्मक प्रगति रिपोर्ट मंत्रिमंडल के पटल पर रखी जा सकती है।

​इसके अतिरिक्त, राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पर्यटन, व्यापार और दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को सुगम बनाने वाले राष्ट्रीय व राज्य राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की भी उच्च स्तरीय समीक्षा की जाएगी।

🟢 ​स्वास्थ्य, आवास और शहरी विकास से जुड़े कई प्रस्ताव एजेंडे में शामिल

​मंत्रिमंडल की इस बैठक में शहरी विकास, आवास और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से संबंधित विभागीय प्रस्तावों पर गहन विचार-विमर्श होगा। दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार और शहरों के सुनियोजित विकास के लिए कई नीतिगत फैसलों को मंजूरी मिलने के आसार हैं।

​जिला स्तरीय कैबिनेट के इस आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक समाप्त होने के बाद शासन द्वारा कैबिनेट के आधिकारिक निर्णयों की औपचारिक ब्रीफिंग की जाएगी।

You may have missed

Share