November 25, 2026

उत्तराखंड गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर  गुरुद्वारों में मत्था टेककर बोले धामी गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता के लिए प्रेरणास्रोत,,,

उत्तराखंड गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर  गुरुद्वारों में मत्था टेककर बोले धामी गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता के लिए प्रेरणास्रोत,,,

​देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा और सिख पंथ के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर खटीमा और देहरादून में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारों में मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने खटीमा में पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब और देहरादून के रेसकोर्स (गुरु गोविंद नगर) स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर संगत को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।

​नाम जपो, किरत करो और वंड छको जीवन के आदर्

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास के विरुद्ध आवाज उठाकर मानवता को प्रेम, समानता और परोपकार का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की तीन प्रमुख शिक्षाएं—’नाम जपो, किरत करो और वंड छको’—आज भी प्रत्येक व्यक्ति के लिए अनुकरणीय हैं, जो हमें परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत कर आजीविका कमाने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। सीएम धामी ने संगत और लंगर की परंपरा को सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण बताते हुए देश की सीमाओं की रक्षा और आपदा राहत कार्यों में सिख समाज के गौरवशाली योगदान की सराहना की।

​हेमकुंड साहिब रोपवे से सुगम होगी श्रद्धालुओं की यात्रा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। करतारपुर साहिब कॉरिडोर के खुलने से जहां श्रद्धालुओं को दर्शन की सुगमता मिली है, वहीं उत्तराखंड में गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे निर्माण की मंजूरी और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं की यात्रा बेहद आसान हो जाएगी।

​अंत में मुख्यमंत्री ने सभी से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को आत्मसात करने और निःस्वार्थ सेवा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इन कार्यक्रमों में गुरुद्वारा प्रबंधन समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Share