उत्तराखंड चारधाम यात्रा ने रचा नया कीर्तिमान, 60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, बद्रीनाथ धाम रहा शीर्ष पर,,,

देहरादून। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा ने इस वर्ष नया ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। यात्रा के अंतिम चरण में प्रवेश करने के साथ ही हिमालयी तीर्थस्थलों पर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 60 लाख के पार पहुंच गया है। मंगलवार शाम तक कुल 6,031,017 तीर्थयात्री चारों धामों में हाजिरी लगा चुके हैं, जो अब तक का सर्वोच्च रिकॉर्ड है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में बद्रीनाथ धाम श्रद्धालुओं की पहली पसंद रहा, जहां रिकॉर्ड 2,069,866 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। वहीं, 1,775,059 श्रद्धालुओं की आमद के साथ केदारनाथ धाम दूसरे स्थान पर रहा। गौरतलब है कि वर्ष 2023 में 56 लाख से अधिक और पिछले वर्ष 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए थे, जिनकी तुलना में इस वर्ष भारी इजाफा दर्ज किया गया है।
गत 19 अप्रैल 2026 से आरंभ हुई यह पावन यात्रा आगामी 16 नवंबर को बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही ग्रीष्मकालीन चरण के लिए औपचारिक रूप से संपन्न हो जाएगी। मानसून सीजन और प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियों के बावजूद प्रशासन के त्वरित प्रबंधन और सुरक्षा उपायों के चलते यात्रा निरंतर सुचारू रूप से संचालित होती रही।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की यह अभूतपूर्व संख्या उत्तराखंड के प्रति देश और दुनिया की अटूट आस्था और विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। यात्रा मार्गों पर सड़क, स्वास्थ्य, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लगातार उन्नत किया जा रहा है।
शीतकालीन यात्रा की तैयारियां शुरू

कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था का क्रम थमेगा नहीं। प्रशासन अब ‘शीतकालीन चारधाम यात्रा’ की तैयारियों में जुट गया है। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि शीतकाल में कपाट बंद होने के बाद देवी गंगा के शीतकालीन निवास मुखबा, देवी यमुना के खरसाली और भगवान केदारनाथ की गद्दी के उखीमठ पहुंचने पर श्रद्धालु इन स्थलों पर पूजा-अर्चना और दर्शन जारी रख सकेंगे। सभी कार्यदायी संस्थाओं को शीतकालीन सत्र के दौरान तीर्थयात्रियों की सुविधा और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

More Stories
उत्तराखंड नशामुक्त प्रदेश के निर्माण में युवा निभाएं सक्रिय भूमिका- पुष्कर सिंह धामी (मुख्यमंत्री), उत्तराखंड
उत्तराखंड हरिद्वार सिडकुल और भगवानपुर की सात फार्मा कंपनियों पर राज्य कर विभाग की ताबड़तोड़ कार्यवाही, 3.07 करोड़ रुपये की करी रिकवरी,,,
हरिद्वार विवाह का झांसा देकर 17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नाबालिक को किया सकुशल बरामद,,,