September 10, 2026

उत्तराखंड देश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज को लेकर बड़ा अपडेट, फर्स्ट बैच के लिए 30 छात्राओं का हुआ चयन,,,,

उत्तराखंड देश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज को लेकर बड़ा अपडेट, फर्स्ट बैच के लिए 30 छात्राओं का हुआ चयन,,,,

देहरादून: उत्तराखंड ने देश का पहला समर्पित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू कर खेल शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल की है। चंपावत जिले के लोहाघाट स्थित इस कॉलेज के प्रथम शैक्षणिक सत्र के लिए आयोजित चयन परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है।

पहले बैच के लिए 30 प्रतिभाशाली छात्राओं का चयन किया गया है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने इसे राज्य ही नहीं, बल्कि देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए चयनित छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई दी है।

🟢 30 प्रतिभाशाली छात्राओं का चयन
खेल मंत्री आर्या ने कहा कि यह संस्थान खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध कराएगा। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बेटियों को अब संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों से समझौता नहीं करना पड़ेगा।

उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और शिक्षा की बेहतर सुविधाएं एक साथ मिलेंगी। इससे प्रदेश की अधिक से अधिक बालिकाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकेंगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस कलेज से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली खिलाड़ी भविष्य में ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।

उनके अनुसार पहले बैच में चयनित 30 छात्राएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी। उन्होंने कहा कि महिला स्पोर्ट्स कॉलेज उत्तराखंड में खेल संस्कृति को नई दिशा देने के साथ महिला सशक्तीकरण का भी सशक्त माध्यम बनेगा।

Share