August 13, 2026

उत्तराखंड देहरादून मे विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारी तेज, 85% से अधिक बूथ मैपिंग पूरी,,,

उत्तराखंड देहरादून मे विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारी तेज, 85% से अधिक बूथ मैपिंग पूरी,,,


देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की तैयारियों और प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशन में प्रदेश में प्री-एसआईआर फेज के तहत 85 प्रतिशत से अधिक बूथ मैपिंग का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। आगामी अप्रैल माह से प्रदेशभर में और अधिक सघन डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें कम मैपिंग वाले बूथों पर विशेष फोकस करते हुए कार्य को पूर्ण किया जाएगा।
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक बूथ पर एब्सेंट, शिफ्टेड और डेथ (ASD) सूची तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि वास्तविक मतदाताओं का डेटा सटीक रूप से दर्ज किया जा सके।

🟢 एक क्लिक पर बीएलओ से करा सकेंगे फोन कॉल
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर शुरू किया है। इसके माध्यम से मतदाता एक क्लिक में अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से फोन कॉल बुक कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in⁠ वेबसाइट पर जाकर या ECI-NET मोबाइल ऐप डाउनलोड कर कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद दो दिनों के भीतर बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेंगे।

🟢 प्रदेश में 19 हजार से अधिक बीएलए नियुक्त
डॉ. जोगदंडे ने राजनीतिक दलों से सभी बूथों पर शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने का भी आग्रह किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष अभी तक विभिन्न दलों द्वारा 19,116 बीएलए नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इनमें भारतीय जनता पार्टी द्वारा 9,276, कांग्रेस पार्टी द्वारा 9,506, सीपीआई (एम) द्वारा 217 और बहुजन समाज पार्टी द्वारा 117 बीएलए नियुक्त किए गए हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।

You may have missed

Share