August 13, 2026

उत्तराखंड में 25 दिन बाद थमा शुष्क मौसम का दौर, देहरादून में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, विभाग ने किया आज से भारी बारिश का यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी,,,

उत्तराखंड में 25 दिन बाद थमा शुष्क मौसम का दौर, देहरादून में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, विभाग ने किया आज से भारी बारिश का यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी,,,

​देहरादून। उत्तराखंड में करीब 25 दिनों के लंबे अंतराल के बाद बुधवार को पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। चटख धूप खिलने के कारण मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और उमस ने लोगों को खासा बेहाल किया। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो वर्ष 2022 के बाद अगस्त माह में अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

​पिछले 10 वर्षों में यह केवल दूसरा मौका है जब दून का पारा अगस्त महीने में इस उच्च स्तर पर पहुंचा है। पिछले 24 घंटों के भीतर ही दून के तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक का बड़ा इजाफा दर्ज किया गया, जबकि अधिकांश मैदानी इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा। पिछले करीब 25 दिनों में यह पहला अवसर रहा जब प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।

🔴 आज से फिर सक्रिय होगा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

​शुष्क मौसम और गर्मी के इस दौर के बाद मौसम विभाग ने प्रदेश में एक बार फिर मानसून के तेवर तीखे होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, आज (गुरुवार) से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश का दौर फिर से तेज हो सकता है।

  • गुरुवार का पूर्वानुमान (यलो अलर्ट): पर्वतीय जिलों और ऊधम सिंह नगर में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, हरिद्वार में भी कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तीव्र बौछारें पड़ने की चेतावनी दी गई है।
  • शुक्रवार का पूर्वानुमान (ऑरेंज अलर्ट): मौसम विभाग ने अगले दिन यानी शुक्रवार को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ-साथ बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है, जिसे लेकर स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को भी सतर्क कर दिया गया है।

You may have missed

Share