
हरिद्वार: नगर निगम हरिद्वार द्वारा घाटों की स्वच्छता और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। बुधवार को नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार (IAS) ने नाई घाट, सुभाष घाट, हर की पैड़ी चौक, संजय पुल और धनुष पुल क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण तथा घाट प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सफाई कार्यों की गुणवत्ता जांची तथा अतिक्रमण हटाओ अभियान की प्रगति पर संतोष जताया। व्यापारियों ने नगर आयुक्त की इस मुहिम की प्रशंसा करते हुए बताया कि सुभाष घाट, नाई घाट और गऊघाट पर पीआरडी जवानों की तैनाती के बाद अतिक्रमण लगभग समाप्त हो गया है। इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी काफी राहत मिली है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन, धीरेंद्र सेमवाल, सफाई नायक कपिल, अशोक चौहान, संदीप और अतुल मौजूद रहे।

कर्मचारियों की 100% उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए नई कड़ी व्यवस्था लागू
नगर निगम को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर आयुक्त ने एक सप्ताह पूर्व कड़ा आदेश जारी किया। कई सफाई कर्मचारियों के ड्यूटी पर उपस्थित न रहने की शिकायत की पुष्टि के बाद अब उपस्थिति व्यवस्था पूरी तरह GPS आधारित कर दी गई है।
आदेश के मुख्य बिंदु
प्रत्येक कर्मचारी को सुबह और शाम दोनों शिफ्टों में GPS लोकेशन सहित फोटो व्हाट्सएप समूह में भेजना अनिवार्य।
सभी निरीक्षकों को कम से कम 1 माह का GPS उपस्थिति रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश।
उपस्थिति की कभी भी आकस्मिक जांच की जा सकती है।
आदेश तुरंत प्रभाव से लागू।
इस नई व्यवस्था के बाद सभी कर्मचारी नियमित रूप से दोनों शिफ्टों में GPS युक्त उपस्थिति साझा कर रहे हैं, जिससे 100% उपस्थिति सुनिश्चित हो रही है। इससे सफाई कार्यों में तेजी आई है और घाट क्षेत्रों की स्थिति में तेजी से सुधार नजर आ रहा है।

नगर आयुक्त नंदन कुमार (IAS) का आधिकारिक वक्तव्य
“घाट क्षेत्र हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान है। स्वच्छता और व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अतिक्रमण रोकने, सफाई सुधारने और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पारदर्शी और सख्त व्यवस्था लागू की गई है। GPS आधारित उपस्थिति से जवाबदेही बढ़ी है और घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित व व्यवस्थित रखने में यह कदम बेहद प्रभावी साबित होगा। नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग इस अभियान को और सफल बनाएगा।”

More Stories
देश – दुनिया, 1100 करोड़ की मुकंदरा-चेचट टनल, पहली ही बारिश में खुली पोल टनल में भरा 3 फीट पानी, NHAI ने दी सफाई,,,
देश – दुनिया, 1100 करोड़ की मुकंदरा-चेचट टनल, पहली ही बारिश में खुली पोल, 3 फीट पानी भरने की NHAI ने थे रिजर्व पर सफाई,,,
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027, इधर भाजपा ने कसी कमर उधर 17 अगस्त को दिल्ली में होगी कांग्रेस की अहम बैठक,,,