“उत्तराखंड मौसम अपडेट” देहरादून समेत प्रदेश के 10 जिलों में भारी वज्रपात की चेतावनी, स्कूल रहेंगे बंद,,,,

देहरादून: उत्तराखंड में मॉनसून फिर ऐक्टिव हो चुका है। आज देहरादून समेत 10 जिलों में वज्रपात और तेज बारिश का अलर्ट है। देहरादून और बागेश्वर जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।
उत्तराखंड में मॉनसून का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि हिमालयी राज्य में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो चुका है। आज देहरादून और बागेश्वर में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग और चमोली समेत 8 जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान है। ऐहतियातन देहरादून और बागेश्वर जिलों में आज स्कूलों में छुट्टी की गई है। आपको बता दें कि रुद्रप्रयाग और चमोली जनपदों में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम आते हैं। प्रशासन ने यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उधर, यमुनोत्री हाईवे लगातार दूसरे दिन भी बाधित रहा।
देहरादून और बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट
देहरादून। प्रदेश में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए देहरादून और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोनों जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़ आदि में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मंगलवार को दून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
यमुनोत्री हाईवे दूसरे दिन भी रहा बाधित
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी में भारी मलबा और बोल्डर आने के कारण मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की मशीनरी युद्धस्तर पर मार्ग बहाली में जुटी हुई है, लेकिन लगातार हो रहे भूस्खलन के चलते कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। उधर, बाड़िया गांव के नीचे सक्रिय भूस्खलन क्षेत्र के कारण हाईवे पर दलदल की स्थिति बनी हुई है। भू-धंसाव क्षेत्र में पैदल आवाजाही भी बेहद जोखिम भरी बनी हुई है, लोग जान जोखिम में डालकर और कई बार भागकर भूस्खलन जोन को पार करने को मजबूर हैं। यात्रियों को भी परेशानी हो रही है।
कालसी में दुकान का छज्जा गिरने से बुजुर्ग की मौत
कालसी। कालसी के कोटी रोड स्थित हरिपुर में मंगलवार सुबह तेज बारिश के दौरान दुकान का छज्जा गिरने पर मलबे की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया गया है कि विक्रम सिंह (64) का कोटी रोड हरिपुर में मकान और दुकान है। मंगलवार को तेज बारिश के दौरान वह दुकान के आगे छज्जे के नीचे बैठे हुए थे। अचानक तेज बारिश के दौरान छज्जा गिर गया, जिससे विक्रम सिंह मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से बाहर निकाला गया।
टिहरी में भूस्खलन से एक घंटा फंसी एंबुलेंस
नई टिहरी क्षेत्र में निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना में कार्यदायी कंपनी की ओर से की जा रही लापरवाही लोगों की जान पर भारी प्रति दिखाई दे रही है। निर्माणदायी कंपनी की ओर से मौके पर भारी बरसात के दौरान भूस्खलन को देखते हुए जेसीबी मशीन आदि भी तैनात नहीं की गई है। जिससे एंबुलेंस भी मार्ग पर फंस जाती है।
मंगलवार सुबह से जनपद में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें जाख-डोगरा मोटर मार्ग पर भूस्खलन के कारण एक एंबुलेंस मार्ग पर फंस गई। हालांकि, ‘हिन्दुस्तान’ अखबार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। एंबुलेंस चालक मान सिंह की ओर से इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। एंबुलेंस चालक की ओर से दावा किया गया कि मार्ग पर सुबह करीब 4 बजे भारी भूस्खलन के कारण मोटर मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया। जिससे जिला अस्पताल जाने के दौरान एंबुलेंस मार्ग करीब एक घंटा फंसी रही और एंबुलेंस में सवार गर्भवती महिला की जान पर बन आई। जनप्रतिनिधियों की ओर से लोनिवि से चंबा और कार्यदायी कंपनी से व्यवस्था करने की मांग की गई है।
मूसलाधार बारिश से ज्योतिर्मठ का घट गदेरा उफान पर आया
मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर ज्योतिर्मठ क्षेत्र में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मेरग, खिडखिडी, तिलंगधार, पुना और परसारी क्षेत्र में अतिवृष्टि के चलते औली बुग्याल में बरसाती पानी ने एकत्रित होकर परसारी घट गदेरा उफान पर रहा। सोमवार की देर रात तक नाले का उफान थमा नही जिस कारण नाले के आसपास की जमीनें काफी प्रभावित हुई हैं तो वहीं तेज बहाव के कारण परसारी, तिलंगधार, पुना को खिडखिडी व मेरग आदी से जोडने वाले कास्तकारी मार्ग पर बनी पैदल पुलिया पूर्ण क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है।
नगर क्षेत्र में रातभर हुई बारिश के बाद घट गदेरे का जलस्तर अचानक बढ़ गया। पानी के तेज बहाव से गांव की काश्तकारी मार्ग की पुलिया को नुकसान पहुंचा है, जिससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

More Stories
दिल्ली में आज भाजपा उत्तराखंड कोर ग्रुप की अहम बैठक में प्रदेश की हारी गई सीटों पर दिया जाएगा विशेष ध्यान,,,,
उत्तराखंड दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रा पर रोक, पुलिसकर्मी भी तैनात, आखिर क्या हुई वजह,,,,
उत्तराखंड दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ यात्रा पर रोक, पुलिसकर्मी भी तैनात, आखिर क्या हुई वजह,,,,