January 13, 2026

उत्तराखंड यमुनोत्री हाईवे पर ओजरी में शनिवार से शुरू होगा बेली ब्रिज का निर्माण कार्य, छह दिन से बंद है यह रास्‍ता,,,,,,

उत्तराखंड यमुनोत्री हाईवे पर ओजरी में शनिवार से शुरू होगा बेली ब्रिज का निर्माण कार्य, छह दिन से बंद है यह रास्‍ता,,,,,,

देहरादून: उत्तरकाशी के ओजरी में यमुनोत्री हाईवे पर बेली ब्रिज का निर्माण आज से शुरू होगा। पिछले छह दिनों से सड़क का 15 मीटर हिस्सा बह जाने से मार्ग बाधित था। ऋषिकेश से बेली ब्रिज का सामान लेकर ट्रक पहुंच चुके हैं। एनएच के अधिकारियों के अनुसार 24 मीटर स्पान के बेली ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। वहीं सिलाई बैंड में लापता मजदूरों की तलाश जारी है।

बीते छह दिन से ओजरी में सड़क बहने से अवरुद्ध यमुनोत्री हाईवे पर बेली ब्रिज निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। शुक्रवार को ऋषिकेश से बेली ब्रिज का सामान लेकर पहुंचे छह ट्रकों को ओजरी पहुंचाया गया।

लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग खंड (एनएच) के अधिकारियों के मुताबिक शनिवार से ओजरी में करीब 24 मीटर स्पान के बेली ब्रिज के निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा, इसके लिए बेली ब्रिज को स्थापित करने वाले श्रमिकों को बुलाया गया है। उधर, बीते बुधवार रात मूसलधार वर्षा में ओजरी से करीब 14 किमी आगे बनास में सड़क धंसने से बंद यमुनोत्री हाईवे को नई कटिंग कर बहाल कर लिया गया है।

बता दें कि बीते 28 जून को रात्रि के दौरान सिलाई बैंड के पास बादल फटने व मूसलधार वर्षा के चलते यमुनोत्री हाईवे पालीगाड से लेकर ओजरी तक जगह-जगह सड़क बहने व भूस्खलन के चलते बंद हो गया था।

अन्य स्थानों पर तो एनएच ने नई कटिंग कर यातायात बहाल कर दिया, लेकिन ओजरी में ओजरी गदेरे के उफान पर आने से सड़क का करीब 15 मीटर से अधिक हिस्सा बहने से बंद हाईवे को बहाल नहीं हो पाया है। हालांकि एनएच के अधिकारियों ने गदेरे के पानी को डायवर्ट करने की योजना बनाई थी। लेकिन रात के समय नियमित रूप से हो रही भारी वर्षा के चलते पानी बढ़ने से यह मुमकिन नहीं हो पाया। इसके बाद अब हाईवे को स्थायी रूप से खोलने के लिए बेली ब्रिज निर्माण का ही विकल्प बचा है।

इसके लिए ऋषिकेश से बेली ब्रिज का सामान लेकर दो ट्रक गत गुरुवार को सिलाई बैंड पहुंच गए थे। इसके बाद चार अन्य ट्रक शुक्रवार को सिलाई बैंड पहुंचे। जहां से उन्हें ओजरी पहुंचाया गया। लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के सहायक अभियंता धीरज गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को ओजरी में बेली ब्रिज का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षित श्रमिकों को बुलाया गया है। वहीं, अन्य दो ट्रक भी शुक्रवार को पहुंचने की उम्मीद है। बताया कि बेली ब्रिज निर्माण से दो से तीन दिन का समय लग सकता है।

बताया कि बनास में धंसी सड़क के स्थान पर नई कटिंग के लिए पोकलैंड मशीन भेजी गई थी, संभव है कि वहां पर मशीन ने नई कटिंग कर यातायात बहाल करा दिया होगा। इधर, जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य ने भी एनएच के अधिकारियों को ओजरी में जल्द से जल्द यातायात बहाल करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, जब तक यातायात बहाल नहीं होता तब कि यात्रियों व स्थानीय लोगों के सुगम पैदल आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

लापता मजदूरों का छठे दिन भी नहीं चला पता
यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड में बादल फटने से लापता सात मजदूरों का छठे दिन शुक्रवार को भी पता नहीं चल पाया। उनकी खोजबीन के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व आइटीबीपी, पुलिस व आपदा प्रबंधन तथा राजस्व विभाग की टीम लगातार सर्च आपरेशन चला रही है।

डीएम ने आमजन से की सहयोग की अपील
जिलाधिकारी ने बताया कि यमुनोत्री हाईवे पर सिलाई बैंड के पास क्षतिग्रस्त सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया है, जिससे क्षेत्र में आवागमन आंशिक रूप से बहाल हो गया है। उन्होंने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए आपदा प्रबंधन एवं सड़क मरम्मत कार्यों में प्रशासन को पूरा सहयोग प्रदान करने की अपील की है, जिससे मार्ग को जल्द खोला जा सके।

You may have missed

Share