उत्तराखंड वीकेंड पर महंगी हुई ऋषिकेश राफ्टिंग, ट्रैफिक जाम से पर्यटक परेशान,,,

ऋषिकेश। अगर आप इस वीकेंड ऋषिकेश में राफ्टिंग का प्लान बना रहे हैं, तो यह ट्रिप अब पहले जितनी आसान और किफायती नहीं रही। गंगा की लहरों पर रोमांच का अनुभव लेने के लिए अब पर्यटकों को जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ रही है, वहीं सड़कों पर लगने वाला लंबा ट्रैफिक जाम भी परेशानी बढ़ा रहा है।
वीकेंड पर राफ्टिंग के दाम आम दिनों की तुलना में करीब तीन गुना तक बढ़ गए हैं। 10 किलोमीटर की राफ्टिंग, जो पहले 250 रुपये में हो जाती थी, अब करीब 620 रुपये तक पहुंच गई है। इसी तरह 16 किमी पैकेज 350 रुपये से बढ़कर 1020 रुपये, मरीन ड्राइव (26 किमी) 600 रुपये से बढ़कर 1500 रुपये और कौडियाला (36 किमी) रूट 900 रुपये से बढ़कर करीब 2500 रुपये तक पहुंच गया है।
राफ्टिंग कारोबारियों के अनुसार, बढ़ी हुई कीमतों के पीछे सिर्फ भीड़ ही नहीं, बल्कि ट्रैफिक जाम भी एक बड़ी वजह है। शिवपुरी से कौडियाला तक जाने वाले मार्गों पर भारी जाम के कारण एक दिन में ट्रिप की संख्या घट गई है। पहले जहां एक टीम चार बार राफ्टिंग करवा लेती थी, अब मुश्किल से तीन बार ही संभव हो पा रहा है। इससे ईंधन और मेंटेनेंस का खर्च बढ़ गया है, जिसका असर सीधे किराए पर पड़ा है।
पर्यटकों के लिए यह स्थिति दोहरी चुनौती बन गई है। एक ओर बढ़े हुए दाम, दूसरी ओर घंटों जाम में फंसने की मजबूरी—दोनों मिलकर यात्रा के आनंद को प्रभावित कर रहे हैं। यही कारण है कि अब कई पर्यटक वीकेंड के बजाय सप्ताह के मध्य दिनों में ऋषिकेश आने का प्लान बना रहे हैं, ताकि भीड़ और खर्च दोनों से राहत मिल सके।

More Stories
उत्तराखंड स्वस्थ देवभूमि की ओर बड़ा कदम: उत्तराखंड में गुटखा और निकोटीन उत्पादों के उत्पादन, स्टॉक व बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध। देखिए स्पेशल रिपोर्ट (वीडियो)
उत्तराखंड विकास कार्यों को रफ्तार देने में जुटे सीएम धामी, 1 नवंबर तक अधूरे प्रोजेक्ट्स पूरे करने की सख्त डेडलाइन, सीएम हेल्पलाइन 1905 को प्रभावी बनाने के निर्देश,,,
उत्तराखंड सर्दियों की दस्तक पर देहरादून जू में वन्यजीवों के डाइट चार्ट में किया बदलाव और हीटर और हीटिंग बल्ब से मिलेगी जानवरों को गर्माहट,,,