उत्तराखंड सरकार के अनियमित विकास की भेंट चढ़ी शहर की सड़कें, जानलेवा गड्ढों और अधूरे निर्माण कार्यों की बजरी से राहगीर हो रहे है लहूलुहान,,,
हरिद्वार। धर्मनगरी और आसपास के क्षेत्र में सरकार द्वारा कराए जा रहे अनियमित और अव्यवस्थित विकास कार्यों ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। विकास के नाम पर पूरे शहर और प्रमुख राजमार्गों को जगह-जगह खोदकर छोड़ दिए जाने से सड़कें जानलेवा गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। निर्माण कार्यों की सुस्त रफ्तार और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक और राहगीर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के आदेश भी हवा-हवाई
प्रशासनिक लापरवाही का आलम यह है कि मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी द्वारा सड़कों को तय समयसीमा के भीतर गड्ढा मुक्त करने के सख्त निर्देश दिए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं द्वारा आदेशों का पालन न किए जाने से आम नागरिकों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
हाईवे से लेकर शहर के भीतर तक बदहाली का आलम

- हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर धंसी सड़कें: राष्ट्रीय राजमार्ग पर धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य और रखरखाव की कमी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। कांगड़ी फ्लाईओवर पर हाल ही में बनी सड़क धंसने लगी है और कई स्थानों पर गहरी दरारें पड़ गई हैं। फ्लाईओवर के एक्सपेंशन जॉइंट टूटने और किनारे पर बने गहरे गड्ढों के कारण रात के अंधेरे या कोहरे में तेज रफ्तार वाहनों का संतुलन बिगड़ने और बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।
- चिड़ियापुर में अधूरा फ्लाईओवर और जाम: चिड़ियापुर में हाथियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए बन रहा फ्लाईओवर कई महीनों से अधूरा पड़ा है। एक ही लेन से दोनों तरफ के वाहनों के गुजरने से आए दिन भीषण जाम की स्थिति बनती है, जिससे आगामी कुंभ और अन्य स्नान पर्वों के दौरान व्यवस्था चरमराने की आशंका है।
- हरिद्वार-रुड़की हाईवे पर धूल का गुबार: बहादराबाद से रुड़की मुख्य मार्ग पर चौड़ीकरण और निर्माण कार्य के दौरान नियमित पानी का छिड़काव न होने से दिनभर धूल के गुबार उड़ते रहते हैं। सड़क पर फैली मिट्टी और उड़ती धूल से दृश्यता कम हो जाती है, जिससे बाइक सवार और स्थानीय लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं।
जनता में रोष, तत्काल समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों का कहना है कि सरकार और प्रशासन केवल विकास के दावे कर रहे हैं, जबकि हकीकत में जनता जान हथेली पर रखकर सफर करने को मजबूर है। लोगों ने मांग की है कि शहर के भीतर और हाईवे पर अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, गड्ढों को तत्काल भरा जाए और लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय की जाए।

More Stories
भारत-नेपाल रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार, पीएम मोदी और नेपाली पीएम बालेंद्र शाह आज करेंगे छारछुम अंतरराष्ट्रीय मोटर पुल व बनबसा ड्राई पोर्ट का लोकार्पण,,,
फर्जी पत्रकारों पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, माइक आईडी दिखाकर नहीं मिलेगा सरकारी दफ्तरों में प्रवेश, जिला सूचना अधिकारी ने जारी किए 8 कड़े दिशा-निर्देश,,,
उत्तराखंड पूर्व सीएम हरीश रावत ने प्रबुद्धजनों को सोनिया गांधी की आत्मकथा भेंट कर जनता की उम्मीदों और सुझावों पर भी की विस्तृत चर्चा,,,