September 3, 2026

देहरादून टी-20 लीग-2026 का भव्य आगाज, पहले मुकाबले में ऋषिकेश ड्रैगन्स ने हरबर्टपुर नाइटराइडर्स को 134 रन से दी करारी शिकस्त,,,

देहरादून टी-20 लीग-2026 का भव्य आगाज, पहले मुकाबले में ऋषिकेश ड्रैगन्स ने हरबर्टपुर नाइटराइडर्स को 134 रन से दी करारी शिकस्त,,,

देहरादून। उत्तराखंड के बड़े फ्रैंचाइजी क्रिकेट टूर्नामेंट ‘देहरादून टी-20 लीग-2026’ का बुधवार को अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी में रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ भव्य आगाज हुआ। फ्लडलाइट की रोशनी में खेले गए पहले रोमांचक मुकाबले में ऋषिकेश ड्रैगन्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए हरबर्टपुर नाइटराइडर्स को 134 रन के बड़े अंतर से हरा दिया।

🟢 ऋषिकेश के बल्लेबाजों का आक्रामक प्रदर्शन

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऋषिकेश ड्रैगन्स ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 239 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया:

  • ​युवराज चौधरी ने 40 गेंदों पर 70 रन की शानदार पारी खेली।
  • ​कमल सिंह ने महज 25 गेंदों पर ताबड़तोड़ 64 रन ठोके।
  • ​ईशाग्रा जगूड़ी ने भी 32 गेंदों पर 59 रन की तेजतर्रार पारी खेली।

🟢 105 रन पर सिमटी हरबर्टपुर की टीम

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरबर्टपुर नाइटराइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम की ओर से कुणाल वी. सिंह ने 16 गेंदों पर 22 रन, अशर खान ने 16 गेंदों पर 17 रन और निखिल पुंडीर ने नौ गेंदों पर 14 रन बनाए, लेकिन पूरी टीम 14.4 ओवर में मात्र 105 रन पर ढेर हो गई। ऋषिकेश की तरफ से गेंदबाजी में तेजेंद्र सिंह ने घातक प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 30 रन देकर पांच विकेट झटके, जबकि रविंदर नेगी ने 3.4 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए।

🟢 दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन

टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के पूर्व सचिव माहिम वर्मा, सीएयू के मुख्य संरक्षक पीसी वर्मा, देहरादून टी-20 लीग के सीईओ नवनीत मिश्रा और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ देहरादून (सीएडी) के सचिव पीयूष कुमार रघुवंशी विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर माहिम वर्मा ने कहा कि जिस घड़ी का महीनों से इंतजार था, वह आ गई है, और अगले आठ दिन उत्तराखंड क्रिकेट के लिए बेहद खास होने वाले हैं।

You may have missed

Share