अर्धकुंभ-2027, हरिद्वार के फ्लाईओवर और अंडरपास का 3.77 करोड़ से होगा कायाकल्प, सीएनसी डिजाइन और 853 लाइटों से सजेंगे मार्ग,,,

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में प्रस्तावित अर्धकुंभ-2027 के दृष्टिगत शहर के बुनियादी ढांचे को संवारने की कवायद तेज हो गई है। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) शहर के प्रमुख अंडरपास और फ्लाईओवरों का 3.77 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक सुंदरीकरण कराने जा रहा है। इस परियोजना के तहत केवल रंगाई-पुताई ही नहीं, बल्कि आधुनिक सीएनसी तकनीक, सजावटी पैनल, विशेष लाइटिंग और हरियाली के जरिए मार्गों को भव्य स्वरूप दिया जाएगा। निर्माण कार्य को 60 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
सीएनसी और लेजर तकनीक से तैयार होंगे आकर्षक डिजाइन
परियोजना के तहत एमएस (माइल्ड स्टील) शीट पर सीएनसी, प्लाज्मा और लेजर कटिंग तकनीक से आकर्षक डिजाइन उकेरे जाएंगे। इन पर तांबे जैसी चमक वाला विशेष रंग किया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्टील ढांचे के सहारे एफआरपी (फाइबर रीइन्forced प्लास्टिक) के सजावटी पैनल लगाए जाएंगे, जिससे दीवारों को एक नई और विशिष्ट पहचान मिलेगी। साथ ही दीवारों पर कलात्मक पेंटिंग भी कराई जाएगी।
853 लाइटों से जगमग होंगे अंडरपास और फ्लाईओवर
रात के समय इन संरचनाओं को भव्य स्वरूप देने के लिए विभिन्न श्रेणियों की कुल 853 अत्याधुनिक लाइटें स्थापित की जाएंगी। इनमें:
- 297 बड़ी स्पॉट लाइट
- 172 छोटी स्पॉट लाइट
- 132 वॉल वाशर लाइट
- 132 फ्लेक्सिबल एलईडी लाइट
- 120 फ्लड लाइट
इन लाइटों से संरचनाओं के किनारों, दीवारों और सजावटी डिजाइनों को विशेष रूप से रोशन किया जाएगा। इसके लिए अलग से केबल बिछाकर बिजली की स्वतंत्र व्यवस्था की जाएगी। अनुबंध के तहत लाइटों में किसी भी प्रकार की खराबी आने पर कार्यदायी एजेंसी को तीन दिन के भीतर मरम्मत या बदलने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
हरियाली के लिए लगेंगे 395 पौधे
सुंदरीकरण के साथ पर्यावरण संतुलन का ध्यान रखते हुए सीमेंट के गमलों में कुल 395 पौधे रोपे जाएंगे। इनमें 150 एरेका पाम, 120 रैपिस एक्सेलसा पाम, 65 बोगनवेलिया और 60 प्लूमेरिया के पौधे शामिल हैं। मिट्टी, खाद और पौधों के रखरखाव का दायित्व भी संबंधित एजेंसी का रहेगा।
अर्धकुंभ के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को धर्मनगरी का यह नया और सुसज्जित स्वरूप एक सुखद और बेहतर अनुभव प्रदान करेगा।

More Stories
उत्तराखंड 11 नवंबर तक शुष्क रहेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं, सुबह-शाम ठंड और दिन में खिलेगी धूप,,,,
उत्तराखंड 11 नवंबर तक शुष्क रहेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं, सुबह-शाम ठंड और दिन में खिलेगी धूप,,,,
एसआईआर पर सियासी घमासान: राहुल गांधी ने पीएम को दी बहस की चुनौती, अमित शाह बोले ‘संसद चलने दे’ विपक्ष,,,