उत्तराखंड 11 नवंबर तक शुष्क रहेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं, सुबह-शाम ठंड और दिन में खिलेगी धूप,,,,

देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक फिलहाल मौसम का मिजाज शुष्क और सामान्य बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 11 नवंबर तक किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। इस अवधि में राज्य के किसी भी जिले के लिए बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार, 4 से 11 नवंबर तक राज्यभर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है, जबकि दिन में चटख धूप के साथ कहीं-कहीं हल्के बादल नजर आ सकते हैं। सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना रहेगा, जबकि दोपहर में खिली धूप से मौसम सुहावना रहेगा।
तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा:
- पर्वतीय क्षेत्र (लगभग 2000 मीटर ऊंचाई): साप्ताहिक औसत अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यह सामान्य से क्रमशः 1.7 डिग्री और 0.7 डिग्री अधिक रहेगा।
- मैदानी क्षेत्र: साप्ताहिक औसत अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री और न्यूनतम 0.1 डिग्री अधिक दर्ज हो सकता है।
केदारनाथ में ठिठुरन बरकरार

दूसरी ओर, उच्च हिमालयी क्षेत्र केदारनाथ में दो दिन पूर्व हुई बर्फबारी के चलते ठिठुरन बनी हुई है। ऊंचाई वाले हिस्सों में अभी भी बर्फ मौजूद रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, इस क्षेत्र को छोड़कर प्रदेश के शेष पर्वतीय और मैदानी इलाकों में 11 नवंबर तक मौसम सामान्य और स्थिर बने रहने की उम्मीद है।

More Stories
उत्तराखंड 11 नवंबर तक शुष्क रहेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं, सुबह-शाम ठंड और दिन में खिलेगी धूप,,,,
अर्धकुंभ-2027, हरिद्वार के फ्लाईओवर और अंडरपास का 3.77 करोड़ से होगा कायाकल्प, सीएनसी डिजाइन और 853 लाइटों से सजेंगे मार्ग,,,
एसआईआर पर सियासी घमासान: राहुल गांधी ने पीएम को दी बहस की चुनौती, अमित शाह बोले ‘संसद चलने दे’ विपक्ष,,,