November 10, 2026

उत्तराखंड एक दाग भी साबित हो गया तो राजनीति से संन्यास लूंगा’- हरक सिंह रावत, मेरा हरक-जैनी प्रकरण से कोई लेना-देना नहीं, ओछी राजनीति बंद हो’- विजया बड़थ्वाल,,,

उत्तराखंड एक दाग भी साबित हो गया तो राजनीति से संन्यास लूंगा’- हरक सिंह रावत, मेरा हरक-जैनी प्रकरण से कोई लेना-देना नहीं, ओछी राजनीति बंद हो’- विजया बड़थ्वाल,,.

​देहरादून। जैनी प्रकरण को लेकर पूर्व मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. हरक सिंह रावत ने भाजपा पर जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि यदि इस प्रकरण में उनके ऊपर एक भी दाग न्यायालय की देखरेख में निष्पक्ष जांच से साबित हो गया, तो वह राजनीति से तुरंत संन्यास ले लेंगे।

​हरक सिंह रावत ने सवाल उठाया कि दून अस्पताल के रिकॉर्ड में जैनी के बेटे के पिता का नाम ‘बबलू’ दर्ज है, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? उन्होंने कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकार उनकी छवि खराब करने की साजिश रच रही है।

​उन्होंने कहा कि वह न्यायालय की निगरानी में भाजपा नेताओं के साथ अपना भी डीएनए टेस्ट कराने को तैयार हैं। उन्होंने 2003 का स्मरण कराते हुए कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री एन.डी. तिवारी से उन्होंने स्वयं जैनी को मीडिया से रूबरू कराने का आग्रह किया था, लेकिन तब मिलने नहीं दिया गया। हरक सिंह ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग उठाने पर इस पुराने मामले को जानबूझकर हवा दी जा रही है, जबकि सीबीआई जांच में उन्हें पहले ही क्लीन चिट मिल चुकी है।

​हरक के आरोप पर सामने आईं पूर्व विधायक विजया बड़थ्वाल, ‘मेरा हरक-जैनी प्रकरण से कोई लेना-देना नहीं, ओछी राजनीति बंद हो’

जैनी प्रकरण में नाम घसीटे जाने के बाद पूर्व विधायक विजया बड़थ्वाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्थिति स्पष्ट की है। सोमवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि उनका हरक सिंह रावत या जैनी प्रकरण से कोई लेना-देना नहीं है और इस प्रकार की ओछी राजनीति तत्काल बंद होनी चाहिए।

​पूर्व विधायक ने हरक सिंह रावत द्वारा उन पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि ऐसे जिम्मेदार नेता द्वारा की गई अनर्गल टिप्पणी निंदनीय है। हरक का यह आरोप बेबुनियाद है कि उन्होंने और आशा नौटियाल ने जैनी को उनके खिलाफ उकसाया था। बड़थ्वाल ने कहा कि यदि हरक उन पर मानहानि करने की धमकी दे रहे हैं, तो उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि उनके द्वारा ऐसा क्या किया गया जिससे मानहानि हुई।

​उन्होंने कहा कि वह अपने लंबे राजनीतिक सफर में विधायक, मंत्री, विधानसभा उपाध्यक्ष और महिला आयोग अध्यक्ष जैसे गरिमामयी पदों पर बेदाग रही हैं। वर्ष 2003 में जब यह प्रकरण सामने आया था, तब कांग्रेस की ही सरकार थी और तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष यशपाल आर्य द्वारा गठित पांच सदस्यीय जांच समिति में वह भी शामिल थीं। समिति ने नारी निकेतन जाकर निष्पक्ष रिपोर्ट दी थी। उन्होंने कहा कि पीड़ित बेटियों के नाम पर राजनीतिक दलों को ओछी राजनीति से बाज आना चाहिए और देवभूमि की राजनीतिक शुचिता बनी रहनी चाहिए।

You may have missed

Share