उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बनेगा भव्य विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर, मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा कर, धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा,,,,
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी में भव्य ‘विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर’ निर्माण की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को ऐतिहासिक व पौराणिक काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद रामलीला मैदान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ एवं ‘सेवा संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए उन्होंने यह महत्वपूर्ण घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां शक्ति का यह पावन धाम लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। कॉरिडोर निर्माण से जहां तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी, वहीं क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक है और राज्य सरकार इस विजन को धरातल पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
आर्थिक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं में अग्रणी उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि:
- अर्थव्यवस्था व आय: पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है तथा प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
- उद्योग व पर्यटन: प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होटल व्यवसाय में लगभग 25 प्रतिशत तथा होमस्टे में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि देखने को मिली है।
- महिला सशक्तिकरण: राज्य में 3 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
- राष्ट्रीय उपलब्धियां: उत्तराखंड सतत विकास लक्ष्य (SDG) सूचकांक में देश में प्रथम स्थान पर रहा है। इसके अतिरिक्त राज्य को लगातार चार वर्षों से ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ का सम्मान मिल रहा है तथा प्रदेश पूर्ण साक्षर राज्य बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।
जनपद के लिए कई अन्य अहम घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई अन्य घोषणाएं भी कीं:
- शिक्षा व पर्यटन: भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना हेतु केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है, जिसकी शीघ्र स्वीकृति के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा डोडीताल, अयाना बुग्याल और हरि महाराज सींकु बुग्याल के विकास व सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
- स्वास्थ्य सेवाएं: जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी का नाम पूर्व विधायक स्व. गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखा जाएगा। साथ ही गाजणा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण का परीक्षण कराने की बात कही।
इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान, विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण और केदार सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


More Stories
उत्तराखंड हरीश रावत बोले 60 साल में कभी पार्टी ने जवाब तलब नहीं किया, अब जनसंवाद यात्रा पर देना पड़ रहा स्पष्टीकरण’,,,
उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू, बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप,,,
हरिद्वार के लक्सर में नाबालिग को बहला-फुसलाकर पत्नी की तरह रखकर कई बार दुष्कर्म करने वाले आरोपी अंशुल की जमानत याचिका अदालत ने की खारिज,,,,