उत्तराखंड गैरसैंण विधानसभा सत्र, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने की उच्चस्तरीय समीक्षा, दिए कड़े निर्देश,,,

देहरादून। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में 27 अगस्त से प्रारंभ होने वाले उत्तराखंड विधानसभा के आगामी सत्र की तैयारियों को विधानसभा सचिवालय अंतिम रूप देने में जुटा है। इसी क्रम में शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने देहरादून स्थित विधानसभा भवन के सभागार में शासन, पुलिस प्रशासन तथा संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में सत्र के सुव्यवस्थित, गरिमापूर्ण और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर सुरक्षा प्रबंधों एवं प्रशासनिक तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
सुरक्षा एवं अनुशासन पर सख्त रुख, बिना पास वाहनों के प्रवेश पर रोक
विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सदन की गरिमा और सुरक्षा व्यवस्था सर्वोपरि है, जिसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया कि सत्र अवधि के दौरान विधानसभा के कार्मिक भी विधिवत जारी वाहन प्रवेश पत्र के बिना अपने वाहन परिसर के भीतर नहीं ले जा सकेंगे।
अनावश्यक भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश पास के कड़े नियम
सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आगंतुक प्रवेश नियमों को कड़ा किया गया है। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार:
- प्रत्येक विधायक की संस्तुति पर केवल एक आगंतुक को प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा।
- मंत्रियों की संस्तुति पर अधिकतम दो आगंतुकों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
कार्यवाही की होगी वेबकास्टिंग और वीडियो रिकॉर्डिंग
पारदर्शिता सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से आमजन को जोड़ने के लिए सत्र की संपूर्ण कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग और लाइव वेबकास्टिंग कराई जाएगी। यह दायित्व संयुक्त रूप से सूचना एवं लोक संपर्क विभाग तथा सूचना प्रौद्योगिकी विकास अभिकरण (ITDA) को सौंपा गया है।

More Stories
हरिद्वार ज्वालापुर श्री रामलीला समिति में रामेश्वर पूजन और रावण-अंगद संवाद का भव्य मंचन, अतिथियों ने की प्रभु श्रीराम की आरती,,,
उत्तराखंड चंपावत को आदर्श जनपद बनाने का संकल्प, मुख्यमंत्री धामी ने दी 96 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, नवनिर्मित सर्किट हाउस का किया लोकार्पण,,,
उत्तराखंड ऋषिकेश बाईपास निर्माण, 4,000 पेड़ों के कटान पर वन विभाग ने जताई चिंता, कार्यदायी संस्था को संख्या घटाने के निर्देश,,,