उत्तराखंड चीन सीमा के पास गूंजा व्यास ऋषि मेला, पारंपरिक लोक संस्कृति और खेलकूद के साथ उत्साह से मनाया गया रक्षाबंधन,,,,

धारचूला। चीन सीमा से लगे 10,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित उच्च हिमालयी गांव गुंजी में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पारंपरिक व्यास ऋषि मेला हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। भारत-चीन व्यापार की ऐतिहासिक मंडी तथा कैलास मानसरोवर व आदि कैलास यात्रा के प्रमुख पड़ाव के रूप में विख्यात इस क्षेत्र में आयोजित मेले के दौरान व्यास घाटी के सात गांवों—गुंजी, नाबी, नपल्च्यू, रोंगकांग, कुटी, गर्ब्यांग एवं बूदी के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और देव दर्शन
मेले के दौरान ग्रामीणों ने गुंजी स्थित व्यास ऋषि मंदिर प्रांगण में पहुंचकर देव दर्शन व पूजा-अर्चना की। इसके बाद पारंपरिक वेशभूषा और स्थानीय वाद्ययंत्रों की थाप पर प्रसिद्ध छोलिया नृत्य करते हुए नया दरव्या यानी ध्वज चढ़ाया गया। सातों गांवों की ओर से निकाली गई मनमोहक सांस्कृतिक झांकियों ने इस आयोजन के आकर्षण को और बढ़ा दिया।
दिग्गजों की गरिमामयी उपस्थिति
भव्य रूप से आयोजित इस ऐतिहासिक मेले में मुख्य अतिथि के रूप में रिटायर्ड आईजी एवं गुंजी की वर्तमान ग्राम प्रधान बिमला गुंज्याल उपस्थित रहीं। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के तौर पर दर्जा राज्य मंत्री अशोक नबियाल, रिटायर्ड आईजी नारायण सिंह नपल्च्याल, 8 मद्रास के लेफ्टिनेंट कर्नल दिव्यांशु चतुर्वेदी, आईटीबीपी के उपसेनानी आलोक सिंह, एसएसबी के सहायक कमांडेंट महेश कुमार और पद्मश्री मोहन सिंह गुंज्याल ने शिरकत की। व्यास मेला समिति के अध्यक्ष मदन सिंह नबियाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
खेल प्रतियोगिताओं में गर्ब्यांग का दबदबा
मेले के मुख्य आकर्षणों में शामिल खेल प्रतियोगिताओं में गर्ब्यांग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी। गत 22 अगस्त से जारी प्रतियोगिताओं के तहत वॉलीबॉल और क्रिकेट दोनों ही प्रमुख मुकाबलों में गर्ब्यांग की टीम विजेता रही, जबकि वॉलीबॉल में बूंदी और क्रिकेट में नाबी की टीम उपविजेता रही। इसके अलावा रस्साकशी के पुरुष व महिला दोनों ही वर्गों में गुंजी की टीम प्रथम स्थान पर रही। महिला वर्ग में नपल्च्यू और पुरुष वर्ग में नाबी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों को 40,500 रुपये और उपविजेताओं को 16,500 रुपये की नकद राशि के साथ ट्राफियां प्रदान कर सम्मानित किया गया।

More Stories
बरसात के बदलते मौसम में ऐसे रखें सेहत का ख्याल, बनाएं स्वादिष्ट और पौष्टिक बेसन का चीला, पौष्टिक गुणों से भरपूर,,,,
उत्तराखंड देहरादून में कलर बेल्ट समारोह में बच्चों ने दिखाया आत्मबल, चैंपियन सम्मानित, क्योशी गुरूंग बोले-अनुशासन और मेहनत जरूरी,,,,
उत्तराखंड में बुजुर्ग महिलाओं के लिए बड़ा तोहफा, रोडवेज बसों में मुफ्त सफर का ऐलान, कई अन्य योजनाओं को भी मंजूरी,,,,