July 18, 2026

उत्तराखंड तंत्र-मंत्र और यूट्यूब चैनल के ज़रिए ठगी करने वाले गिरोह का हुआ पर्दाफाश, महिला समेत 3 गिरफ्तार, ₹4.55 लाख नकद और एंडेवर कार बरामद,,,,

उत्तराखंड तंत्र-मंत्र और यूट्यूब चैनल के ज़रिए ठगी करने वाले गिरोह का हुआ पर्दाफाश, महिला समेत 3 गिरफ्तार, ₹4.55 लाख नकद और एंडेवर कार बरामद,,,,

हरिद्वार: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत हरिद्वार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। श्यामपुर थाना पुलिस ने अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

🔴 यूट्यूब चैनल ‘AGHORA’ के ज़रिए बिछाते थे जाल

​पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने सोशल मीडिया पर ‘AGHORA’ नाम से एक यूट्यूब चैनल बना रखा था। इस चैनल पर वे तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो अपलोड करते थे। इन वीडियो को देखकर विभिन्न राज्यों के लोग अपनी पारिवारिक समस्याओं, बीमारी या कथित भूत-प्रेत के साये से छुटकारा पाने के लिए इनसे संपर्क करते थे। गिरोह के सदस्य लोगों के मन में डर और अंधविश्वास पैदा कर उन्हें अपना शिकार बनाते थे।

🔴 मटके का झांसा देकर ₹4.60 लाख लेकर हुए फरार

​ताजा मामला हरियाणा के सोनीपत का है। पीड़ित विनोद कुमार को आरोपियों ने चण्डी देवी मंदिर के पास एक विशेष पूजा कराने के नाम पर हरिद्वार बुलाया था और कुल ₹4,60,000 का खर्च बताया था।

  • ​योजना के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित को एक लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका दिया और आँखें बंद कर मंत्र जाप करने को कहा।
  • ​इसी बीच आरोपियों ने रुपयों से भरा बैग अपनी गाड़ी में रख लिया और पूजा सामग्री लाने का बहाना बनाकर अपनी एंडेवर कार से रफूचक्कर हो गए।

🔴 ​पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

​16 जुलाई की रात करीब 9:36 बजे पीड़ित द्वारा डायल-112 पर सूचना दिए जाने के बाद श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीमें तुरंत सक्रिय हुईं। पूरे इलाके में नाकेबंदी की गई और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

​17 जुलाई को पुलिस ने चिड़ियापुर माइनिंग चेक पोस्ट के पास घेराबंदी करके तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने इनके पास से ₹4.55 लाख की नकदी, वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की एंडेवर कार (UK17D-2527), आईफोन और तंत्र-मंत्र की सामग्री बरामद की है।

🔴 गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:

    1. मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित (31 वर्ष): निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी- देहरादून।
    2. मोन्टी जोशी (32 वर्ष): निवासी पटेलनगर, देहरादून।
    3. अर्चना रावत (31 वर्ष): निवासी पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी- देहरादून।

🟢पुलिस की अपील

श्यामपुर थाना प्रभारी ने बताया कि यह गिरोह अन्य राज्यों में भी इस तरह की वारदातें कर चुका है, जिसकी जांच जारी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर सक्रिय ऐसे तथाकथित तांत्रिकों और बाबाओं के झांसे में न आएं। यदि कोई ऐसी धोखाधड़ी की कोशिश करता है, तो तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाने को सूचित करें।

You may have missed

Share