उत्तराखंड हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में जल्द मांस बिक्री पर लगेगा पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर भारी जुर्माना और पुनः पकड़े जाने पर प्रतिष्ठान होगा सील,,,

हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार ने पूरे निगम क्षेत्र में कच्चे मांस की बिक्री और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का कड़ा फैसला लिया है। इसके लिए ‘नगर निगम हरिद्वार मांस विक्रय प्रतिबंध उपविधि, 2026’ तैयार कर प्रकाशन के लिए भेज दी गई है। उपविधि के प्रकाशित होते ही यह प्रतिबंध संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र में प्रभावी हो जाएगा। नए नियमों के दायरे में ज्वालापुर के वे क्षेत्र भी शामिल होंगे जो पहले इससे बाहर थे। इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन माध्यमों, मोबाइल ऐप या किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मांस की होम डिलीवरी भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
उल्लंघन पर भारी जुर्माना और सीलिंग की कार्रवाई

उपविधि के तहत नियमों का पहली बार उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा, जबकि दूसरी बार उल्लंघन करने पर यह राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी जाएगी। वहीं, प्रतिबंधित मांस की ऑनलाइन डिलीवरी करने वाली कंपनियों पर पहले उल्लंघन पर एक लाख रुपये और दूसरे उल्लंघन पर तीन लाख रुपये तक का भारी जुर्माना लगाने का प्रावधान है। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सील भी किया जा सकेगा।
निगरानी व सराय में वैकल्पिक व्यवस्था

मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि हरिद्वार में म्युनिसिपैलिटी से नगर पालिका और फिर नगर निगम बनने के दौरान अलग-अलग नियमावलियां लागू थीं, जिन्हें अब पूरे निगम क्षेत्र में एक समान लागू करने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। उपविधि के प्रकाशित होते ही कुंभ से पहले विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। इसके अनुपालन की निगरानी मुख्य सफाई निरीक्षक और प्रवर्तन दल करेंगे, जिन्हें निरीक्षण और प्रतिबंधित सामग्री जब्त करने का अधिकार होगा। दूसरी ओर, मांस कारोबारियों के विस्थापन के लिए नगर निगम ने सराय क्षेत्र में मीट मंडी स्थापित कर वैकल्पिक दुकानें तैयार की हैं, जिनके आवंटन के लिए नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

More Stories
उत्तराखंड देहरादून में आज होगी धामी कैबिनेट की अहम बैठक, कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर,,,
आज का भविष्यफल – क्या कहते हैं आपकी किस्मत के सितारे दिन शुक्रवार दिनांक 27/11/2026
उत्तराखंड में शिक्षकों के तबादलों की कवायद तेज, धारा-27 के तहत 3 हजार से अधिक आवेदन, मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली कमेटी लेगी अंतिम निर्णय,,,