एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल की दो टूक, कानून सबके लिए बराबर, दून पुलिस ने 43 धार्मिक स्थलों से हटवाए अवैध लाउडस्पीकर,,,

देहरादून। राजधानी देहरादून में ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराने के लिए दून पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के सख्त निर्देशों पर पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने पूरे जनपद में एक विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित धार्मिक स्थलों की सघन जांच की गई और निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर रहे 43 लाउडस्पीकरों को मौके पर ही हटवा दिया गया।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि कानून की नजर में सभी समान हैं। सार्वजनिक शांति और आमजन के सुकून से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्ती से निपटेगी।
संचालकों को दी गई अंतिम चेतावनी
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संबंधित धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों और लाउडस्पीकर संचालकों को कड़ी हिदायत दी। पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि:
- बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के कोई भी लाउडस्पीकर संचालित नहीं होगा।
- यदि भविष्य में निर्धारित ध्वनि सीमा (डेसिबल लिमिट) से अधिक आवाज पाई गई या नियमों की अनदेखी हुई, तो बिना किसी रियायत के सीधे कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कानून व्यवस्था और शांति से कोई समझौता नहीं

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी। आम जनता के अधिकारों और शांतिपूर्ण माहौल को बनाए रखने के लिए आने वाले दिनों में भी इस प्रकार की कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

More Stories
उत्तराखंड टनल हादसों पर प्रदेश सरकार सख्त श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोपरि, मृतक आश्रितों को तुरंत मुआवजा और शव ससम्मान घर भेजने के निर्देश- पुष्कर सिंह धामी
उत्तराखंड पिथौरागढ़ में मूसलाधार बारिश ने मचाया कोहराम, चीन सीमा सड़क सहित प्रदेश के यह 20 मार्ग हुए बंद, सैकड़ों यात्री फंसे, स्कूल बंद,,,
उत्तराखंड पिथौरागढ़ में मूसलाधार बारिश ने मचाया कोहराम, चीन सीमा को जोड़ने वाली प्रदेश की यह 20 सड़कें बंद, सैकड़ों यात्री फंसे, स्कूल बंद,,,