October 26, 2026

“देश – दुनिया” साइबर आतंकियों से बैंक रहे सतर्क, ओडिशा में आरबीआई डेटा सेंटर के उद्घाटन पर बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,,,,

“देश – दुनिया” साइबर आतंकियों से बैंक रहे सतर्क, ओडिशा में आरबीआई डेटा सेंटर के उद्घाटन पर बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,,,,

​भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 169 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया। इस दौरान आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बैंकिंग क्षेत्र को साइबर आतंकियों और डिजिटल खतरों से पूरी तरह सतर्क और तैयार रहने का स्पष्ट संदेश दिया।

​🟢 आधुनिक दौर में अर्थव्यवस्था पर वार की साजिश

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के दौर में युद्ध केवल सीमाओं पर बारूद और पारंपरिक हथियारों से नहीं लड़े जा रहे हैं, बल्कि देशों की अर्थव्यवस्थाओं को पंगु बनाने के लिए साइबर हमलों का सहारा लिया जा रहा है। ऐसी स्थिति में भारत की वित्तीय और बैंकिंग प्रणाली को पूर्णतः अभेद्य बनाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय बैंकिंग तंत्र दुनिया के सर्वाधिक दक्ष और भरोसेमंद तंत्रों में शामिल है और नागरिकों को चौबीसों घंटे निर्बाध बैंकिंग सुविधाएं मिल रही हैं, इसलिए इसकी डिजिटल सुरक्षा को लगातार अपग्रेड करना होगा।

​🟢 मुंबई डेटा सेंटर के लिए बनेगा मजबूत बैकअप

आरबीआई का यह नया डेटा सेंटर ओडिशा के जटनी क्षेत्र स्थित इन्फो वैली में 18.55 एकड़ भूमि पर विकसित किया गया है। यह परिसर नवी मुंबई स्थित आरबीआई के प्राथमिक डेटा सेंटर के ‘डिजास्टर रिकवरी बैकअप’ के रूप में काम करेगा। यदि किसी गंभीर प्राकृतिक आपदा, तकनीकी खराबी या बाह्य हमले के चलते मुंबई का मुख्य डेटा सेंटर प्रभावित होता है, तो ओडिशा सेंटर से स्वतः ही बैकअप चालू हो जाएगा। इससे यूपीआई, आरटीजीएस और एनईएफटी जैसी राष्ट्रीय स्तर की भुगतान प्रणालियों में एक सेकंड की भी रुकावट नहीं आएगी। इस क्षेत्र को भूकंप के न्यूनतम खतरे और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से सुरक्षित दूरी को ध्यान में रखकर चुना गया है। उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और आरबीआई के गवर्नर भी उपस्थित रहे।

You may have missed

Share