October 26, 2026

उत्तराखंड गैरसैंण में कल से शुरू होगा विधानसभा सत्र, सात हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पेश करेगी सरकार, विपक्ष ने की घेराव की तैयारी,,,

उत्तराखंड गैरसैंण में कल से शुरू होगा विधानसभा सत्र, सात हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पेश करेगी सरकार, विपक्ष ने की घेराव की तैयारी,,,

​देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय संक्षिप्त सत्र मंगलवार 27 अक्टूबर से प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में शुरू होने जा रहा है। सत्र में हिस्सा लेने के लिए सोमवार देर शाम तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण सहित सत्तापक्ष और विपक्ष के तमाम मंत्री व विधायक गैरसैंण पहुंच जाएंगे।

​🔴 सदन में सरकार का एजेंडा

दो दिवसीय इस सत्र में राज्य सरकार लगभग सात हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखेगी। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण संशोधन विधेयक और विभिन्न विभागों के वार्षिक प्रतिवेदन भी पेश किए जाएंगे। सत्तापक्ष ने विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले तमाम सवालों का तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर मजबूती से जवाब देने की पूरी रणनीति तैयार की है।

​🔴  विपक्ष ने बनाई घेराव की रणनीति

दूसरी ओर, विपक्षी कांग्रेस ने जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने की योजना बनाई है। सत्र के लिए विधायकों की ओर से अब तक 430 से अधिक प्रश्न विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस ने 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विशाल विधानसभा घेराव का भी ऐलान किया है। प्रशासनिक स्तर पर विधानसभा सचिव हेम पंत ने भराड़ीसैंण पहुंचकर संपूर्ण व्यवस्थाओं, सुरक्षा तंत्र और विधायी तैयारियों का जायजा लिया।

You may have missed

Share