नई दिल्ली में पीएम मोदी से मिले सीएम धामी, उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद भेंट कर विकास परियोजनाओं पर की चर्चा,,,

नई दिल्ली, 20 नवंबर 2026: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास में केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और राज्य की प्रमुख विकास व कनेक्टिविटी परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
भेंट किए उत्तराखंड के विशेष पारंपरिक उत्पाद

मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को देवभूमि की समृद्ध संस्कृति और स्थानीय शिल्प का प्रतिनिधित्व करने वाले विशेष उत्पाद भेंट किए। इन उपहारों में चमोली के सीमांत गांव मलारी की पारंपरिक हथकरघा पट्टी, पारंपरिक ऊनी वस्त्र ‘डोरखा’, शुद्ध पहाड़ी शहद, पौष्टिक बद्री घी, हर्षिल का प्रसिद्ध राजमा और लाल चावल शामिल रहे।
हरिद्वार कुंभ-2027 और आस्था के प्रतीक

आगामी ‘हरिद्वार कुंभ-2027’ के प्रतीक स्वरूप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को मां गंगा की प्रतिकृति भेंट की। इसके साथ ही राज्य की लोक आस्था के केंद्र मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति भी प्रधानमंत्री को समर्पित की गई।
कनेक्टिविटी और विकास पर मंथन
बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में चल रही बुनियादी ढांचा और कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति से प्रधानमंत्री को अवगत कराया। विशेष रूप से राज्य में रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के विस्तार और अन्य प्रमुख सड़क व रेल परियोजनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई। अंत में सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देवभूमि उत्तराखंड आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।

More Stories
उत्तराखंड दून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया उद्घाटन, अब पर्यटक भी कर सकेंगे इस अद्भुत शेर का दीदार,,,
उत्तराखंड पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत के खिलाफ असम में 21 धाराओं में हुई प्राथमिकी दर्ज,,,
उत्तराखंड विकसित भारत के निर्माण का प्रमुख आधार है युवा शक्ति- राज्यपाल