October 20, 2026

हरिद्वार में धूमधाम से संपन्न हुआ डांडिया महोत्सव, महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और हुनर से बिखेरे रंग,,,

हरिद्वार में धूमधाम से संपन्न हुआ डांडिया महोत्सव, महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और हुनर से बिखेरे रंग,,,

​हरिद्वार। श्री वैश्य बंधु समाज मध्य क्षेत्र हरिद्वार की महिला विंग एवं वसुधैव कुटुंब के संयुक्त तत्वावधान में शंकर आश्रम स्थित एक निजी होटल में डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने डांडिया और गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर मां दुर्गा की आराधना की। कार्यक्रम में डांडिया क्वीन प्रतियोगिता, रैंप वॉक और फनी गेम्स का भी आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

​समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं मेयर किरण जैसल ने सभी को नवरात्र और दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। उन्होंने कहा कि डांडिया केवल उत्सव नहीं, बल्कि शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की आराधना को समर्पित एक सुंदर सांस्कृतिक परंपरा है। मां दुर्गा की भक्ति से घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।

 

​महिला विंग की संयोजक पिंकी अग्रवाल एवं नीति मेहता ने कहा कि नवरात्र शक्ति, ऊर्जा और नवचेतना के प्रतीक हैं। महिला विंग समाज की महिलाओं को संगठित करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से महोत्सव में महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए, ताकि उन्हें स्वरोजगार के प्रति प्रोत्साहन मिल सके। वहीं रेनू अरोड़ा और सोनिया अरोड़ा ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शक्ति स्वरूपा मां की निष्काम भाव से की गई उपासना से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

​श्री वैश्य बंधु समाज मध्य क्षेत्र के संस्थापक अध्यक्ष अशोक अग्रवाल एवं चिराग अरोड़ा ने कहा कि समाज का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब आधी आबादी सशक्त और स्वावलंबी बने। वैश्य समाज की महिलाएं हर मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा कर अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन रही हैं।

​इस अवसर पर ज्योति अग्रवाल, तोशी अग्रवाल, शोभना, रुचि मेहता, संध्या अग्रवाल, पारुल जैन, सोनल मित्तल, दीक्षा मेहता, मीनाक्षी, पूजा अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, शिप्रा अग्रवाल, सलोनी, प्रियंका जैन, रीना मित्तल, रेखा गुप्ता, आकांक्षा, आंचल मेहता, पारुल मित्तल, पूजा जैन, पूनम गुप्ता, रेखा, सपना गुप्ता, निधि अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Share