September 10, 2026

NEET UG Re-Exam में फिर से बड़ी गलती,नागपुर के छात्र को भारत के बजाय UAE का परीक्षा केंद्र आवंटित, NTA ने मानी तकनीकी गलती,,,,,

NEET UG Re-Exam में फिर से बड़ी गलती,नागपुर के छात्र को भारत के बजाय UAE का परीक्षा केंद्र आवंटित, NTA ने मानी तकनीकी गलती,,,,,

नागपुर: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्नातक (NEET UG) की पुन: परीक्षा से ठीक पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। महाराष्ट्र के नागपुर निवासी एक छात्र को जारी किए गए एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र भारत के बजाय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में आवंटित कर दिया गया। इस चौंकाने वाले मामले के सामने आने के बाद छात्र और उसका परिवार गहरे सदमे में है, वहीं NTA की प्रबंधन प्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

🟢 परीक्षा से ऐन पहले बढ़ी मुश्किलें

​देशभर में 21 जून को NEET UG की री-एग्जाम का आयोजन होना तय हुआ है, जिसके लिए एजेंसी ने प्रवेश पत्र (Admit Card) जारी कर दिए हैं। इसी प्रक्रिया के दौरान नागपुर के परीक्षार्थी अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब के एडमिट कार्ड में यह गंभीर त्रुटि देखने को मिली। छात्र ने जब अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तो उसमें परीक्षा केंद्र के रूप में ‘अबू धाबी इंडियन स्कूल, अबू धाबी (UAE)’ दर्ज था। हैरान करने वाली बात यह है कि छात्र ने आवेदन के दौरान केवल भारत के भीतर के ही परीक्षा केंद्रों के विकल्प चुने थे।

🟢 “बेटे के पास पासपोर्ट तक नहीं, कैसे जाए विदेश?”

​छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4 बजे एडमिट कार्ड डाउनलोड करने पर उन्हें इस गड़बड़ी का पता चला। परीक्षा केंद्र विदेश में देखकर पूरा परिवार स्तब्ध रह गया।

​”मेरे बेटे ने परीक्षा केंद्र के लिए भारत के तीन जिलों का विकल्प चुना था। अचानक अबू धाबी का सेंटर मिलने से वह मानसिक तनाव में आ गया है। उसके पास पासपोर्ट तक नहीं है, ऐसे में विदेश जाकर परीक्षा देना नामुमकिन है। वह इतना परेशान हो गया कि उसने परीक्षा देने से भी इंकार कर दिया था।-मोहम्मद तालिब, छात्र के पिता

 

​पीड़ित परिवार ने घटना के तुरंत बाद NTA की हेल्पलाइन पर संपर्क साधा और ईमेल के जरिए आधिकारिक शिकायत दर्ज कराकर नागपुर या किसी नजदीकी जिले में केंद्र आवंटित करने की मांग की।

🟢 सोशल मीडिया पर आक्रोश, NTA ने स्वीकारी गलती

​इस मामले का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परीक्षार्थियों और अभिभावकों ने परीक्षा प्रबंधन की तकनीकी व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाए हैं। चौतरफा दबाव के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अपनी तकनीकी गलती स्वीकार कर ली है।

​एजेंसी ने छात्र के परिवार को ईमेल भेजकर आश्वस्त किया है कि यह एक तकनीकी त्रुटि (Technical Error) थी, जिसे जल्द ही सुधार लिया जाएगा। NTA ने मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए जल्द ही संशोधित एडमिट कार्ड जारी करने का वादा किया है, ताकि छात्र बिना किसी मानसिक तनाव के अपनी परीक्षा में शामिल हो सके।

Share