September 12, 2026

उत्तराखंड केदारनाथ पैदल मार्ग चीरबासा के पास फिर अवरुद्ध, मलबा आने से सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोके गए यात्री,,,

उत्तराखंड केदारनाथ पैदल मार्ग चीरबासा के पास फिर अवरुद्ध, मलबा आने से सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोके गए यात्री,,,

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा हैलीपैड के समीप शनिवार सुबह पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण मार्ग एक बार फिर अवरुद्ध हो गया है। बीती रात हुई बारिश के चलते अचानक आए मलबे से यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

​जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को शनिवार सुबह दूरभाष के माध्यम से घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत डीडीएमए गुप्तकाशी के अवर अभियंता (जेई) को इसकी जानकारी दी गई। डीडीएमए के जेई ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बारिश जारी है, जिसके कारण मलबा हटाने के कार्य में कठिनाई आ रही है। मौसम साफ और सामान्य होते ही युद्ध स्तर पर मार्ग से मलबा और पत्थर हटाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

​सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के तहत केदारनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को एहतियातन सोनप्रयाग और गौरीकुंड में ही रोक दिया गया है। मार्ग पूरी तरह से सुचारू होने के बाद ही यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया जाएगा। प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे खराब मौसम और मार्ग की स्थिति को समझते हुए सुरक्षा नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।

Share