उत्तराखंड चारधाम यात्रा मार्ग पर मिलेंगी रियल-टाइम अपडेट्स से लगेगी दुर्घटनाओं पर रोक, बदरीनाथ मार्ग पर लगेंगी अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन,,,

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और तकनीक-आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब यात्रा के दौरान यात्रियों को मौसम और मार्ग की सटीक जानकारी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर भद्रकाली और मलेथा (श्रीनगर) में अत्याधुनिक एलईडी डिस्प्ले स्क्रीन स्थापित की जा रही हैं।
करीब 68 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना के तहत 16 फीट × 10 फीट आकार की एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इन स्क्रीन के माध्यम से यात्रियों को मौसम की स्थिति, सड़क बंद होने, वैकल्पिक मार्गों और प्रशासन की अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं रियल-टाइम में उपलब्ध कराई जाएंगी।
लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई जिम्मेदारी
इस पूरी परियोजना की कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के विद्युत यांत्रिकी खंड, ऋषिकेश को बनाया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, एलईडी स्क्रीन लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और चयनित फर्म के साथ अनुबंध भी हस्ताक्षरित हो चुका है। निर्माण कार्य से जुड़ी आवश्यक सामग्री एक-दो दिन में कार्यस्थल पर पहुंचनी शुरू हो जाएगी, और इस माह के अंत तक परियोजना को पूरी तरह पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यात्रियों को मिलेगी जाम और बाधाओं से राहत
बरसात के मौसम में अक्सर भूस्खलन, चट्टानें गिरने या खराब मौसम के चलते चारधाम यात्रा मार्ग पर यातायात बाधित हो जाता है। ऐसी स्थिति में कई बार श्रद्धालु बिना पूर्व जानकारी के आगे बढ़ जाते हैं और घंटों जाम या बंद मार्गों पर फंसे रहते हैं।
इन अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन पर मौसम की चेतावनियां, मार्ग बंद होने की स्थिति, यातायात अपडेट और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देश तत्काल प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को समय रहते सही निर्णय लेने में मदद मिलेगी और उनकी यात्रा सुगम व सुरक्षित हो सकेगी।

More Stories
उत्तराखंड हिमालय की गोद में दिखा औषधि गुणों से भरपूर अनोखा ‘डायमंड फूल’, फूल की लंबाई इंसान से भी ज्यादा, खिलने में लग जाता है 15 साल तक का समय,,,,
उत्तराखंड सिलक्यारा टनल हादसा, टनल में फंसे 41 मजदूरों की जान बचाने वाले 12 रैट माइनर्स को नितिन गडकरी ने प्रदान किया वीरता पदक,,,
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर दिल्ली में हुई हाई लेवल बैठक, चुनाव में भाजपा को हैट्रिक दिलाएगा Gen Z, हाईकमान ने तैयार की रणनीति,,,