September 14, 2026

उत्तराखंड चारधाम यात्रा ने तोड़े सभी पुराने रिकॉर्ड, 50 लाख के पार पहुंचे श्रद्धालु, गंगोत्री और यमुनोत्री में ऐतिहासिक भीड़,,,

उत्तराखंड चारधाम यात्रा ने तोड़े सभी पुराने रिकॉर्ड, 50 लाख के पार पहुंचे श्रद्धालु, गंगोत्री और यमुनोत्री में ऐतिहासिक भीड़,,,

​देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल यात्रा प्रबंधन और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्थाओं के चलते इस वर्ष की चारधाम यात्रा नए आयाम स्थापित कर रही है। यात्रा के 147 दिनों (12 सितंबर तक) में कुल 50 लाख 28 हजार 497 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 05 लाख 19 हजार 173 अधिक है, जबकि अभी यात्रा के दो महीने शेष हैं।

🟢 गंगोत्री और यमुनोत्री में उमड़ी ऐतिहासिक भीड़

गंगोत्री धाम ने इस बार यात्रा इतिहास का नया रिकॉर्ड बनाते हुए पहली बार सर्वाधिक 7,84,321 श्रद्धालुओं की संख्या दर्ज की है। इससे पहले वर्ष 2022 में 7,81,961, वर्ष 2025 में 7,58,249 और वर्ष 2023 में 7,12,749 तीर्थयात्री यहां पहुंचे थे। वहीं, यमुनोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं का आंकड़ा 07 लाख (7,03,302) के पार पहुंच चुका है, जो पिछले वर्ष के सर्वोच्च 6,44,637 के आंकड़े से काफी अधिक है।

🟢 बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में भी भारी उत्साह

  • बद्रीनाथ धाम: 12 सितंबर तक 143 दिनों की अवधि में 17 लाख 28 हजार 578 श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि (13,82,845) से 3 लाख 45 हजार अधिक है।
  • हेमकुंड साहिब: यहां भी श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखा गया है और अब तक रिकॉर्ड 3 लाख 19 हजार 135 यात्री पहुंच चुके हैं।

🟢 सुरक्षा और पुख्ता प्रबंध सर्वोपरि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग के रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जनपदों में आपदा प्रबंधन विभाग को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। यात्रा के दूसरे चरण में भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सरकार ने सभी आवश्यक और सुगम व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।

You may have missed

Share