उत्तराखंड चारधाम यात्रा में जाम से मिलेगी बड़ी राहत, एक दशक से अटके ऋषिकेश बाईपास को मिली स्टेज-एक की स्वीकृति,,,

देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान ऋषिकेश में लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी मिली है। करीब एक दशक से अधर में लटकी 13 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश बाईपास परियोजना के वन भूमि हस्तांतरण की अड़चन दूर हो गई है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की क्षेत्रीय अधिकार प्राप्त समिति (आरईसी) ने परियोजना को स्टेज-एक की मंजूरी दे दी है, जिससे अब इसके निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
47 हेक्टेयर वन भूमि के हस्तांतरण पर बनी सहमति

तीर्थनगरी ऋषिकेश में यातायात का दबाव कम करने के लिए प्रस्तावित इस बाईपास के निर्माण हेतु कुल 47 हेक्टेयर वन भूमि की आवश्यकता है। पूर्व में मंत्रालय की आरईसी बैठक में दोगुनी वन भूमि उपलब्ध कराने और बाईपास के शुरुआती हिस्से को प्रस्ताव से अलग रखने जैसे बिंदुओं पर आपत्ति उठने के कारण परियोजना अटक गई थी। सोमवार को हुई आरईसी की बैठक में लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अवनत वन क्षेत्रों में क्षतिपूरक वनीकरण के प्रस्ताव पर सहमति बन गई।
लोनिवि के तर्कों से संतुष्ट हुआ मंत्रालय

वन भूमि हस्तांतरण को लेकर उठे सवालों पर लोनिवि ने मंत्रालय के समक्ष अपना पक्ष मजबूती से रखा। विभाग ने तर्क दिया कि यह परियोजना स्वयं मंत्रालय की है, अतः नियमानुसार अवनत वन क्षेत्रों में क्षतिपूरक वनीकरण की व्यवस्था का लाभ मिलना चाहिए। इसके अतिरिक्त, बाईपास के शुरुआती हिस्से की वन भूमि पहले से ही विभाग के पास उपलब्ध होने के कारण उसे नए प्रस्ताव में शामिल करने की आवश्यकता नहीं है। मंत्रालय ने इन बिंदुओं पर सहमति जताते हुए परियोजना को हरी झंडी दे दी।
अब शुरू होगी स्टेज-दो की प्रक्रिया

राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) खंड के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी ने बताया कि वन भूमि हस्तांतरण के लिए स्टेज-एक की अनुमति प्राप्त हो गई है। अब विभाग द्वारा स्टेज-दो की औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस बाईपास के बन जाने से चारधाम यात्रियों और स्थानीय लोगों को ऋषिकेश शहर के जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

More Stories
उत्तराखंड गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारों में मत्था टेककर बोले धामी गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता के लिए प्रेरणास्रोत,,,
उत्तराखंड नैनीताल में हुआ बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, शिप्रा जोशी बनीं लालकुआं की नई एसडीएम ओर कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले,,,
उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक स्थित पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, करीब 30 लकड़ी के मकान जलकर राख,,,