August 12, 2026

उत्तराखंड देहरादून भूमि धोखाधड़ी मामले में फरार कांग्रेस नेता और उसके बेटे सहित तीन लोगों के घर ढोल बजवाकर पुलिस ने चस्पा किए नोटिस,,,

उत्तराखंड देहरादून भूमि धोखाधड़ी मामले में फरार कांग्रेस नेता और उसके बेटे सहित तीन लोगों के घर ढोल बजवाकर पुलिस ने चस्पा किए नोटिस,,,

देहरादून।  राजधानी में भूमि धोखाधड़ी और भू-माफियाओं के खिलाफ दून पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रायपुर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भूमि धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे कांग्रेस नेता, उसके बेटे और एक अन्य आरोपी के घर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई। पुलिस ने आरोपियों के आवास और सार्वजनिक स्थलों पर न्यायालय की उद्घोषणा के नोटिस भी चस्पा किए हैं।

🔴 फर्जी दस्तावेजों के जरिए कब्जे का आरोप

​पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी भानु प्रकाश भट्ट ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कांग्रेस नेता सूरत सिंह नेगी, उनके पुत्र हर्षवर्धन नेगी और मोहित पुरी ने मजरा जॉलियो स्थित सवा बीघा भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे बेचने का षड्यंत्र रचा।

​शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने मौके पर लगी तारबाड़ को तोड़कर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्होंने प्रार्थी के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस गंभीर मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं—318(4), 336(3), 338, 61(2), 351(2) और 352—के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

🔴 एनबीडब्लू के बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर थे आरोपी

​घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचते फिर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर पुलिस टीमों ने लगातार दबिश दी, लेकिन सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद न्यायालय से तीनों आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) प्राप्त किए गए। जब इसके बावजूद आरोपी हाजिर नहीं हुए, तब न्यायालय से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 84 के तहत उद्घोषणा आदेश प्राप्त किए गए।

🔴 ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी, कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

​मंगलवार को रायपुर थाना पुलिस पूरी तैयारी के साथ फरार आरोपियों के निवास स्थानों पर पहुँची। पुलिस ने ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ क्षेत्र में मुनादी कराई, ताकि स्थानीय लोगों और फरार आरोपियों तक इसकी आधिकारिक सूचना पहुँचे।

​पुलिस ने आरोपियों के मुख्य द्वारों और चौराहे जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नोटिस चस्पा किए। मुनादी के माध्यम से चेतावनी दी गई है कि यदि आरोपी तय समयसीमा के भीतर न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनकी संपत्तियों की कुर्की और अन्य कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

“भूमि धोखाधड़ी के इस प्रकरण में नामजद अभियुक्त सूरत सिंह नेगी, हर्षवर्धन सिंह और मोहित कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मंगलवार को न्यायालय के आदेशानुसार उनके आवास और सार्वजनिक स्थानों पर नोटिस चस्पा कर मुनादी कराई गई है।”- संजीत कुमार, थाना प्रभारी, रायपुर

You may have missed

Share