November 20, 2026

उत्तराखंड देहरादून में नियमितीकरण और मानदेय बढ़ोतरी की मांग कर रहे पीआरडी जवानों पर पुलिस का लाठीचार्ज, सीएम आवास कूच के दौरान हाथीबड़कला में हंगामा,,,

उत्तराखंड देहरादून में नियमितीकरण और मानदेय बढ़ोतरी की मांग कर रहे पीआरडी जवानों पर पुलिस का लाठीचार्ज, सीएम आवास कूच के दौरान हाथीबड़कला में हंगामा,,,

​देहरादून। राजधानी देहरादून में बुधवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जहां कानून व्यवस्था संभालने वाले खाकीवर्दी धारियों का आमना-सामना अपनी ही मांगों के लिए सड़क पर उतरे दूसरे खाकीवर्दी धारियों से हो गया। नियमित रोजगार और मानदेय बढ़ोतरी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच कर रहे प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज कर दिया।

​उत्तराखंड प्रांतीय रक्षक हित संगठन के प्रदेश अध्यक्ष किशन रावत के नेतृत्व में बुधवार को देहरादून, हरिद्वार समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग सात हजार पीआरडी जवान गांधी पार्क के समीप एकत्र हुए। अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए दोपहर करीब 12 बजे सभी जवान अपनी आधिकारिक वर्दी में अनुशासित ढंग से सीएम आवास की ओर कूच करने लगे।

​बैरीकेडिंग तोड़ने पर बिगड़े हालात

प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने हाथीबड़कला में भारी बैरीकेडिंग कर सुरक्षा घेरा तैयार किया था। जैसे ही पीआरडी जवानों का हुजूम हाथीबड़कला पहुंचा, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्कामुक्की शुरू हो गई। आक्रोशित पीआरडी जवानों ने दबाव बनाते हुए पुलिस की शुरुआती दो बैरीकेडिंग को गिरा दिया।

​15 फीट ऊंची बैरीकेडिंग पर चढ़े जवान, पुलिस ने भांजी लाठियां

दो सुरक्षा घेरे टूटने के बाद पुलिस ने तीसरी और आखिरी बैरीकेडिंग पर जवानों को रोकने का प्रयास किया, जो करीब 15 फीट ऊंची थी। लेकिन आक्रोशित पीआरडी जवान इस ऊंची बैरीकेडिंग के ऊपर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

​प्रदर्शनकारी जवानों का कहना है कि वे भी पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कानून व्यवस्था और यातायात संचालन में दिन-रात ड्यूटी करते हैं, इसके बावजूद उन्हें न तो नियमित रोजगार मिल रहा है और न ही सम्मानजनक मानदेय। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।

You may have missed

Share