उत्तराखंड देहरादून में बारिश से टूटा 10 साल का रिकॉर्ड, 24 घंटे में सामान्य से 3592% अधिक बारिश, दिन का पारा 9 डिग्री लुढ़का, सितंबर में ही लौटी ठिठुरन,,,,

देहरादून। मानसून की विदाई से ठीक पहले उत्तराखंड की राजधानी देहरादून सहित आसपास के इलाकों में मौसम ने अप्रत्याशित करवट ली है। बीते शनिवार सुबह से आसमान में डेरा डाले घने बादल रविवार देर रात तक झमाझम बरसते रहे। लगातार दो दिनों तक हुई इस मूसलाधार बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दून में सितंबर के महीने में पिछले दस वर्षों का ठंड का रिकॉर्ड टूट गया। सितंबर के अंतिम सप्ताह में अमूमन रहने वाली उमस और हल्की गर्मी की जगह अचानक बढ़ी ठिठुरन ने शहरवासियों को अलमारी से गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया।
दिनभर गायब रहे सूरज, नौ डिग्री तक गिरा पारा
लगातार बारिश और बादलों के घेरे की वजह से दिनभर सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए, जिसके चलते अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री की बड़ी गिरावट के साथ 21.1 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री गिरकर 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते एक दशक में सितंबर माह के दौरान न्यूनतम पारा कभी इस स्तर तक नहीं गिरा था। हालांकि, शहर में 22 सितंबर 1982 को 12.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान का ऑल-टाइम रिकॉर्ड अब भी कायम है।
जलभराव से थमी रफ्तार, पैदल राहगीरों की बढ़ी फजीहत

48 घंटे की अनवरत बारिश ने शहर के बुनियादी ढांचे और जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। शहर के कई प्रमुख चौराहों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सड़कों पर पानी जमा होने और नालियों के उफनने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई, जिससे जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही। सड़कों के किनारे लबालब पानी भरने के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले राहगीरों को भारी परेशानियों से दो-चार होना पड़ा।
रेनकोट के साथ स्वेटर का सहारा, बदली दिनचर्या
मौसम के इस अचानक बदले तेवर का सीधा असर लोगों की रोजमर्रा की दिनचर्या पर दिखाई दिया। लोग घर से बाहर निकलते समय छाते और रेनकोट के साथ-साथ सुबह व शाम की ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों और जैकेट का सहारा लेते नजर आए। सितंबर के अंत में ही लोगों को अक्टूबर और नवंबर जैसी गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है।
प्रदेश में सामान्य से 3592% अधिक वर्षा, चमोली में सर्वाधिक असर

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश भर में बादलों ने जमकर कहर बरपाया। राज्य में इस अवधि के दौरान औसतन 69.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो इस समय की सामान्य वर्षा की तुलना में 3592 प्रतिशत अधिक है। जिलों की बात करें तो चमोली में सबसे अधिक 84.2 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से रिकॉर्ड 6920 प्रतिशत अधिक है। वहीं राजधानी देहरादून में भी 27.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य स्तर से 757 प्रतिशत ज्यादा है।
सोमवार को राहत के आसार, दून-उत्तरकाशी में येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार से बारिश के प्रचंड दौर से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा की संभावना बनी रहेगी। वहीं उत्तरकाशी और देहरादून जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस पूरे सप्ताह तापमान में हल्की गिरावट और मौसम में ठंडक का यह मिजाज बरकरार रह सकता है।

More Stories
उत्तराखंड देहरादून में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव का बिगुल, 12 अक्टूबर को होगा मतदान संबंधित क्षेत्रों में हुई आदर्श आचार संहिता लागू ,,,
उत्तराखंड, ‘मतदाता सूची से नाम हटाना क्या मुद्दा नहीं?’ धामी के बयान पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल ने किया तीखा पलटवार,,,,
उत्तराखंड जनजीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहें अधिकारी’ – मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन