उत्तराखंड, धारचूला आदि कैलास और ओम पर्वत यात्रा के लिए कल से ऑनलाइन इनर लाइन परमिट होंगे जारी, बेली ब्रिज बनने से आवाजाही शुरू,,,,

धारचूला: प्रसिद्ध आदि कैलास और ओम पर्वत की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रविवार से ऑनलाइन ‘इनर लाइन परमिट’ जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
देशभर से आ रहे हैं आवेदन, वाहन से यात्रा होगी आसान
उप जिलाधिकारी आशीष जोशी ने जानकारी दी है कि यात्रा पहले ही आरंभ हो चुकी थी और शुरुआती दौर में कुछ यात्रियों को ऑफलाइन परमिट जारी किए गए थे। हालांकि, सड़क मार्ग बाधित होने के कारण यात्री अपने निजी वाहनों से आदि कैलास और ओम पर्वत तक नहीं पहुंच पा रहे थे। अब ऑनलाइन परमिट की सुविधा शुरू होने से देश के किसी भी कोने से यात्री इसके लिए आसानी से आवेदन कर सकेंगे और अपने वाहनों से सीधे यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।
मौसम को देखकर प्रतिदिन जारी होंगे परमिट

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अगले एक पखवाड़े (15 दिनों) तक प्रतिदिन सुबह के समय मौसम की स्थिति का जायजा लेने के बाद ही परमिट जारी किए जाएंगे, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
बेली ब्रिज के निर्माण से दूर हुई सबसे बड़ी बाधा

यात्रा मार्ग पर सबसे बड़ी बाधा बने कूलागाड़ में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए बेली ब्रिज का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस पुल के तैयार होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह सुचारू हो गई है।
पर्यटन कारोबार को मिलेगी नई गति
प्रशासन और स्थानीय निवासियों को पूरी उम्मीद है कि ऑनलाइन पास की सुविधा शुरू होने और कूलागाड़ पुल के आवाजाही के लिए खुलने से आने वाले दिनों में आदि कैलास आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी होगी, जिससे स्थानीय पर्यटन और व्यापार को एक नई रफ्तार मिलेगी। उल्लेखनीय है कि यात्रा के पहले चरण में अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं।

More Stories
उत्तराखंड देहरादून में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, अनियंत्रित सीमेंट से भरा ट्रक पलटने से बाइक सवार की मौके पर मौत, एक घायल,,,,
उत्तराखंड के हरिद्वार में बनेगा देश का पहला भव्य ‘विभाजन विभीषिका स्मृति स्थल एवं म्यूजियम’, 44.5 एकड़ भूमि पर चल रही है कवायद,,,
उत्तराखंड नीट यूजी 2026 काउंसलिंग में फर्जीवाड़े पर सीएम धामी का कड़ा प्रहार, 8 अभ्यर्थियों के प्रवेश निरस्त, व्यापक जांच के आदेश,,,